शाहदरा जिलाअधिकारी कार्यालय में हंगामे के बाद जिलाधिकारी से मिले वकील

दर्द- ऐ- दिल्ली


संवाददाता कमल पवार 


शाहदरा जिलाअधिकारी कार्यालय में वकीलों ने मंगलवार को संपत्ति की रजिस्ट्री करवाने में आ रही बाधाओं को लेकर हंगामा किया। वकीलों ने सब रजिस्ट्रार पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर संपत्ति की रजिस्ट्रियां नहीं होने दे रही है। कागजों के सत्यापन में इतना समय लग रहा है कि वकीलों का पूरा दिन रजिस्ट्रार के कार्यालय में बीत जाता है। नाराज वकीलों ने पहले रजिस्ट्रार के कार्यालय में हंगामा कियाफिर जिलाधिकारी के महेश व अतिरिक्त जिलाधिकारी अजय कुमार से उनके कार्यालय में जाकर मिले और अपनी समस्याओं को उनके सामने रखी।


वकील इंद्र कथूरिया ने कहा कि वकील पिछले एक  महीने से काफी परेशान है। लोगों की संपत्तियों की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सब रजिस्ट्रार महिला हैं। वह किसी भी व्यक्ति से ठीक तरह से बात नहीं करती। दोनों अधिकारियों ने वकीलों को आश्वासन  दिया कि वकीलों को जो भी समस्या आ रही है। वह जल्द ही दूर कर दी जाएगी साथ ही अधिकारियों ने रजिस्ट्रार को आदेश दिया कि वह कागजों के सत्यापन करने में ज्यादा समय ना ले और समय से पहले कार्यालय पहुंचे।



वकीलों के जाने के बाद जिलाधिकारी खुद सब रजिस्ट्रार के कार्यालय में जायजा लेने के लिए गए और देखा किस तरह से विभाग कार्य कर रहा है। वहीं एक अधिकारी ने बताया कि संपत्ति के मामले में काफी सतर्कता बरतनी पड़ती है। मौजूदा सब रजिस्ट्रार पहले शिक्षा विभाग में थी।  उन्हें इस विभाग की ज्यादा जानकारी नहीं है। इसलिए यह समस्या हो रही है।