गंदगी फैलाने वालों पर गिरीगी गाज..

Written by :- प्रिया शर्मा  



नई दिल्ली: बाजारों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। निगम ने विशेष अभियान के तहत एक दिन में 343 लोगों के खिलाफ चालान किया है।


निगम के अनुसार कचरा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ मार्केट में दिन में सफाई अभियान चलाया। इसके तहत पश्चिमी जोन की 57, मध्य जोन की 32, दक्षिणी जोन की 50 और नजफगढ़ जोन की 28 बाजारों में सफाई कर्मचारियों ने कचरा उठाया।


कहां कितने चालान काटे: निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार बाजारों में सफाई अभियान के दौरान गंदगी फैलाते मिले 343 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसमें सबसे अधिक 187 चालान दक्षिणी जोन में और सबसे कम 33 चालान नजफगढ़ जोन में किए। मध्य जोन में 74 और पश्चिमी जोन में 49 चालान किए गए। इन लोगों को अब निर्धारित तिथि पर मजिस्ट्रेट के सामने पेश होना पड़ेगा। वहां निर्धारित जुर्माना नकद भरना होगा। निगम ने जारी बयान में बताया कि निगमायुक्त पुनीत कुमार गोयल ने सभी जोन के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस अभियान को प्रतिदिन पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ चलाएं।


गोयल ने कहा कि स्वच्छता के कार्य को वांछित गति देने के लिए प्रतिदिन गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं (डेम्स)विभाग से कहा कि प्रतिदिन विषय आधारित अभियान चलाए जाएं। जैसे कि कुछ दिन पहले धार्मिक स्थलों, बुधवार को वायु और धूल प्रदूषण तथा बृहस्पतिवार को मार्केट पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसी तरह हर रोज अभियान चलाए जाने चाहिए। डॉ. गोयल ने जनता से अपील की है कि वह इधर-उधर कचरा न डालें और स्वच्छता अभियान को सार्थक बनाने में सहयोग दें। ताकि स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में पहली 10 रैंकिंग में स्थान बना सके।