इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में दिल्ली भाजपा के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन ...

Reported by : संदीप कुमार 


नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया कि वर्ष 2019 में नरेंद्र मोदी 2014 से भी बड़े बहुमत के साथ प्रधानमंत्री बनेंगे और वंशवाद, जातिवाद तुष्टीकरण करने वालों से देशवासियों को मुक्ति मिलेगी। वह इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में दिल्ली भाजपा के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यहां भाजपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और कांग्रेस पर घुसपैठियों की हिमायत करके देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने, सिखों के कातिलों को बचाने व राफेल पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। इस बीच उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर दिल्लीवासियों के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लेने को लेकर दिल्ली विधानसभा में विवाद को सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के जख्म पर नमक छिड़कने जैसा बताया।



शाह ने कहा कि वर्ष 1977 के चुनाव में देशवासियों ने कांग्रेस की तानाशाही को उखाड़ फेंका था। वहीं, इस बार वंशवाद, जातिवादतुष्टीकरण का जहर फैलाने वालों के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नक्सलवाद पर रोक लगाई और देश की सीमाओं को सुरक्षित किया है। सरकार ने विश्व में देश का सम्मान बढ़ाया है। गरीब का जीवन स्तर ऊंचा उठाने, शहरों को सुविधाजनक बनाने व किसानों को डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का काम किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि राफेल लड़ाकू विमान सौदे में कोई गड़बड़ी नहीं है और इसकी जांच की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद राहुल गांधी इसे लेकर झूठ बोल रहे हैं। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर इस बारे में लोगों को बताना होगा। दिल्ली में भाजपा, कांग्रेसआम आदमी पार्टी के बीच चुनावी मुकाबला है। केजरीवाल व राहुल सबसे बड़े झूठे हैं। इन दोनों का झूठ आजाद भारत के सभी झूठ को जोड़ दिया जाए तो उससे भी बड़ा है। विधानसभा चुनाव में केजरीवाल द्वारा किए गए एक भी वादे पूरे नहीं हुए। दूसरी ओर भाजपा लोकसभा चुनाव में दिल्ली के लोगों के साथ किए गए सभी वादे पूरे करने के बाद जनता से समर्थन मांगने जा रही है। गरीबों के उपचार के लिए शुरू की गई पांच लाख रुपये की प्रधानमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य बीमा योजना से केजरीवाल ने दिल्ली के गरीबों को वंचित रखा। उन्हें डर है कि इसे लागू करने से मोदी गरीबों के बीच लोकप्रिय हो जाएंगे। हाई कोर्ट द्वारा सज्जन कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाने से साबित हो गया है कि 1984 में सिख विरोधी दंगा तत्कालीन सरकार की निगरानी में हुआ था और कांग्रेस नेताओं ने सिखों का नरसंहार किया था। मोदी सरकार ने विशेष जांच दल (एसआइटी) बनाकर इसकी जांच शुरू कराई, जिससे दोषियों को सजा मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश को असुरक्षित करने वाले घुसपैठियों की चिंता है, इसलिए असम में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) लागू करने का विरोध कर रही है।



अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा तकनीक के तरकश के हर तीर आजमाएगी। इसमें वाट्सएप भी अहम होगा। इसके माध्यम से पार्टी प्रचार अभियान को नीचे तक लेकर जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से लेकर बूथ अध्यक्ष तक एक वाट्सएप से संपर्क में रहेंगे। इसके जरिये भाजपा हर पल न केवल बूथ अध्यक्ष से संपर्क में रहेगी, बल्कि विरोधियों को मात देने की जानकारी और सुझाव भी देगी।


भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल ने कहा कि हमें बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक की वाट्सएप की चेन बनानी है। इसका कार्य फरवरी तक पूरा हो जाएगा। इसलिए बूथ अध्यक्ष अपना मोबाइल और वाट्सएप नंबर भी दें। इसके अलावा सभी बूथ अध्यक्ष नमो एप के जरिए भी भाजपा की चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाएंगे। बताया जा रहा है कि इस व्हाट्सएप चेन के जरिए चुनाव में विरोधियों के एंजेडे को मात देने की पूरी रणनीति होगी। नारों को भी जनता तक इसी के माध्यम से ले जाया जाएगा।


 


आधुनिक तरीके से हुआ बूथ अध्यक्षों का पंजीकरण :


13 हजार से ज्यादा बूथ अध्यक्ष नियुक्ति में भाजपा ने तकनीक का सहारा लिया है। हर बूथ अध्यक्ष और बूथ पालक को आधुनिक तरह से बने कार्ड भी दिए गए हैं। क्यूआर कोड से लैस कार्ड में हर कार्यकर्ता का नाम, फोटो के अलावा विधानसभा और बूथ संख्या अंकित है। दिल्ली भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल ने बताया कि भाजपा ने पहली बार अधिकृत रूप से प्रत्येक बूथ अध्यक्ष, एवं बूथ पालक को आधुनिक कार्ड दिया गया है। बूथ अध्यक्षों की हाजिरी क्यूआर कोड के माध्यम से लग जाती है। उन्होंने कहा कि हर कार्यक्रम के लिए सभी बूथ अध्यक्षों को वाट्सएप पर लिंक भेजा जाएगा। इस लिंक को वेरीफाई करके वह अपने कार्ड का प्रिंट निकलवा लेगा।


पोस्टर और होर्डिग्स के जरिये सभी को साधने की कोशिश : चुनाव में किसी तरह की गुटबाजी न हो और कार्यकर्ता बंटे नहीं इसके लिए भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने बूथ सम्मेलन के जरिये सभी को साधने का प्रयास किया। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के अंदर और बाहर नेताओं के पोस्टर के नीचे केंद्र सरकार की योजनाएं लिखी गई थी। वहीं प्रदेश टीम में विशेष महत्व रखने वाले भाजपा के नेताओं के पोस्टर और होर्डिग्स लगाए गए थे। इसमें श्याम जाजू, मनोज तिवारी, सतीश उपाध्याय, तरुण चुघ, पवन शर्मा, विजय गोयल, विजेंद्र गुप्ता और डॉ. हर्षवर्धन के साथ सभी सांसदों के पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए थे