पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को शहीद का दर्जा दिलवाने के लिए निकला गया कैंडल मार्च..

दर्द-ए-दिल्ली 


संवाददाता शिवानी बिस्ट :


पूर्वी दिल्ली : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भीड़ की गोली का शिकार हुए पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की आत्मा की शांति के लिए बुधवार को करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी दिलीप पांडेय के नेतृत्व में कैंडल मार्च सोनिया विहार के दूसरा पुश्ता से लेकर मेन मार्केट तक निकाला गया। मार्च में लोगों ने हाथों में बैनर पोस्टर भी लिए हुए थे, जिसमें लिखा था कि इंस्पेक्टर के मौत के दोषियों को जल्द पकड़ा जाए।



बुलंदशहर हादसे में जान गंवाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की कमी हमेशा समाज को खलेगी। भगवान उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे। दर्द-ए-दिल्ली संवाददाता शिवानी बिस्ट से बात चित में दिलीप पांडेय ने बताया कि सुबोध कुमार को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए, उन्होंने अपनी ड्यूटी आखिरी दम तक निभाई। उत्तर प्रदेश सरकार में कानून-व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। हैरानी की बात है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीड़ित परिवार का हाल लेने की जगह दूसरे राज्यों में चुनावी रैलियां करने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि देश की सत्ता जिस पार्टी के हाथों में है वह देश में अलग तरह का वातावरण बना रही है, बुलंदशहर हादसा इसी का परिणाम है। निगम पार्षद मनोज त्यागी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भीड़तंत्र ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। इंस्पेक्टर का मुख्य हत्यारा घटना के दो दिन बाद भी खुला घूम रहा है। मार्च में करावल नगर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष पंकज राय, मनोनीत पार्षद हाजी यूनुस खान, रामराज तिवारी, सुग्रीव चौधरी, गोपाल अवस्थी सहित कई लोग मौजूद रहे.....