तेज हवा और बोछारो ने गिराया राजधानी में प्रदूषण का स्तर

Reported by : संदीप कुमार 



नई दिल्ली : दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों व प्रदूषण विशेषज्ञों ने बताया कि इस सीजन में पहली बार इतनी अच्छी हवा बृहस्पतिवार के दिन दर्ज हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के एयर क्वालिटी इंडेक्स में बृहस्पतिवार के दिन इंडेक्स वैल्यू 194 दर्ज हुई। इससे एक दिन पहले यह आंकड़ा 392 था। इस सीजन में इतना अच्छा स्तर पहली बार दर्ज हुआ है। इसका मुख्य कारण मौसम वैज्ञानिकों की ओर से बताया गया कि बृहस्पतिवार को 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया। वहीं, अगले दो दिन तक भी उम्मीद है कि हवा 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी, जिससे मौसम का मिजाज सामान्य रहेगा और प्रदूषण का स्तर भी कम रहने की संभावना है।



कैसा रहा मौसम:


बृहस्पतिवार के दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 20.8 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली और आस पास के इलाकों में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है। शुक्रवार सुबह आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।


गिरेगा न्यूनतम तापमान:


स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिल्ली में ठंडी हवा दस्तक दे रही है। इन हवा में ठंडक इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि दिल्ली और आसपास हवा में नमी का स्तर ज्यादा दर्ज हो रहा है।