आनंद विहार में कार-वैन भिड़ीं, तीन मरे

Reported :- प्रिया शर्मा 


नई दिल्ली : आनंद विहार फ्लाईओवर पर बुधवार शाम तेज रफ्तार इको स्पोट्र्स कार अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ से गुजर रही ओमनी वैन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। दोनों वाहनों में पांच लोग सवार थे, इनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मुस्तफाबाद निवासी शमशाद (30), अब्दुल (28) और कृष्णा नगर निवासी गर्व सहगल (30) के रूप में हुई है। वहीं, घायल इमरान (28) को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और अक्षय जैन (21) को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है।



हादसा रोड नंबर-57 स्थित फ्लाईओवर पर बुधवार शाम 6:15 बजे हुआ। इमरान दो साथियों शमशाद और अब्दुल के साथ ओमनी वैन से आनंद विहार बस अड्डा आ रहे थे। यहां उन्हें कंप्यूटर हार्डवेयर का सामान किसी को देना था। जैसे ही उनकी कार फ्लाईओवर पर पहुंची, आनंद विहार बस अड्डे की तरफ से आ रही तेज रफ्तार इको स्पोट्र्स कार डिवाइडर पार कर ओमनी वैन से टकरा गई। इको स्पोट्र्स कार में गर्व सहगल और अक्षय जैन थे। दोनों विवेक विहार की तरफ जा रहे थे। टक्कर लगने के साथ ही आग लग गई। आग से दोनों कारें भी जलकर राख हो गईं। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, समय रहते इमरान और अक्षय जैन वाहन से बाहर आ गए थे। वहीं शमशाद की मौके पर ही मौत हो गई। गर्व और अब्दुल ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ा। आनंद विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।