अब की बार फिर मोदी सरकार नारे के साथ भाजपा के लिए मांगेंगे समर्थन...

  Reported by :- रेनुका राजपूत 



अबकी बार फिर मोदी सरकार’ इसी नारे के साथ कार्यकर्ता लोगों के बीच भाजपा के लिए समर्थन मांगने जाएंगे। रामलीला मैदान में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में मंच से लेकर आयोजन स्थल और आसपास के इलाके में लगे होर्डिंग में यह नारा लिखकर कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं के बीच वितरित साहित्य में भी यह नारा लिखा है। वहीं, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ‘पांच साल और मेरे मोदी की जरूरत है’ गीत सुनाकर कार्यकर्ताओं से नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान किया।


स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि यह स्थान ऐतिहासिक होने के साथ ही चुनाव जीतने के लिए शुभ है। इस अधिवेशन में बहुत सारे संकल्प लिए जाएंगे, जिसमें नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना सबसे प्रमुख होगा।


उन्होंने ‘रामलीला मैदान से हो रहा है मुहूर्त है, पांच साल और मेरे मोदी की जरूरत है।


मन उसका साफ है हो रहा इंसाफ है, नीयत में खोट नहीं है, हो रहा विकास है।



सीमा पर आंख उठाए अब किसकी जुर्रत है, पांच साल और मेरे मोदी की जरूरत है।’ गीत सुनाकर देशभर से आए कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए परिश्रम का आह्वान किया। इस गीत से कार्यकर्ता भी उत्साहित दिखे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अधिवेशन की व्यवस्था का श्रेय दिल्ली के कार्यकर्ताओं को दिया। कहा कि देश की राजधानी होने के नाते केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से दिल्ली के कार्यकर्ताओं को कई कार्यक्रम मिलते हैं। इससे हमारी परीक्षा भी होती है। इस अधिवेशन की तैयारी सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर की है। इसे सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता कई दिनों से मेहनत कर रहे थे।