दिल्ली में आने वाले दिनों में गिर सकता है तापमान..

reported by :- निकिता कश्यप 


नई दिल्ली : दिल्ली में शनिवार को दिन में खिली धूप से मौसम में बदलाव हुआ है। दिनभर 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, लेकिन इसके बाद भी दोपहर में ठंड महसूस नहीं हुई। दोपहर को लोगों को गुनगुनी धूप सेकने को मिली। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।



हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसद और न्यूनतम नमी का स्तर 50 फीसद दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सुबह के वक्त धुंध छा सकती है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि अगले दो दिनों में उत्तर की दिशा से नमी वाली हवा दस्तक देगी। इससे मौसम की परिस्थिति बदलेगी और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।



दो दिनों तक ज्यादा नहीं बढ़ेगा प्रदूषण का स्तर: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के प्रदूषण मॉनिटरिंग स्टेशन में एयर क्वालिटी इंडेक्स 233 दर्ज हुआ। यह खराब स्थिति में रहा। स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि अगले दो दिनों तक इसी तरह से प्रदूषण का स्तर रहने के आसार हैं। प्रदूषण बेहद गंभीर हालात में नहीं पहुंचेगा।