गांधी के जीवन का संदेश देगा एनडीएमसी मुख्यालय

reported by :- सन्नी गुप्ता


नई दिल्ली


लुटियंस दिल्ली में स्थित नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) का मुख्यालय महात्मा गांधी के जीवन का संदेश देता नजर आएगा। यह संदेश कुल्हड़ के माध्यम से दिया जाएगा। इसमें गांधी की ओर से अहमदाबाद के गांधी आश्रम में लिखा गया वह वाक्य भी नजर आएगा, जिसमें उन्होंने लिखा था कि ‘मॉय लाइफ इज मॉय मेसेंजर’। 31 जनवरी को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू इस कलाकृति का उद्घाटन कर सकते हैं। दीवार पर बनी इस कलाकृति के निर्माण में देश के 150 स्थानों की मिट्टी व 150 कुम्हारों की मेहनत लगी हुई है।



खादी एवं ग्राम उद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना ने बताया कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में खादी एवं ग्राम उद्योग आयोग ने यह फैसला लिया था। इसका उद्देश्य लोगों को गांधी के जीवन से अवगत व प्रेरित करना है। सक्सेना ने बताया कि इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड ने इस कलाकृति का डिजाइन किया है। सक्सेना ने बताया कि पूरा देश महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में उन्हें श्रद्धाजंलि दे रहा है। इसके तहत खादी एवं ग्राम उद्योग आयोग ने उन्हें श्रद्धाजंलि देने के लिए इस तरह की मूर्ति बनाने की कल्पना की थी। 15 मीटर ऊंची एवं 10 मीटर चौड़ी इस मूर्ति को कुल्हड़ों से तैयार किया जा रहा है।



गांधी एवं ग्राम उद्योग आयोग के अनुसार इस कलाकृति के लिए देश के 150 स्थानों की मिट्टी का उपयोग हुआ है। इसके लिए 150 कुम्हारों का विशेष तौर से चयन किया गया था। इन कुम्हारों की ओर से पांच हजार कुल्हड़ों का निर्माण किया गया था। इसमें से 3870 कुल्हड़ इस कलाकृति के निर्माण में उपयोग होंगे। आयोग के अनुसार यह कलाकृति तेज हवा और बरसात को भी सहन कर सकेगी।


गौरतलब है कि पालिका परिषद अपनी इमारत का उपयोग दीवार पर एलईडी को लगाकर कर रहा है। यह एलईडी रात की रोशनी में लुटियंस दिल्ली में दूर से ही दिखाई देती है। साथ ही इस पर स्वच्छता और एनडीएमसी की ओर से किए जा रहे कार्यो के वीडियो भी चलाए जाते हैं। एनडीएमसी की ओर से यह पहला उपयोग था, जो दीवार पर भी एलईडी की मदद से विज्ञापन चलाए जा सकते हैं। एलईडी ऊंचाई पर लगे होने की वजह से ही दूर से दिखाई देती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले आइटीओ स्थित पुलिस मुख्यालय की दीवार पर रंगों से महात्मा गांधी का बड़ा चित्र बनाया गया है।