कांग्रेस नेता अजय माकन के अध्यक्ष पद छोड़ते ही प्रदेश कांग्रेस में विवाद...

REPORTED BY :- संदीप कुमार 


दिल्ली कांग्रेस में अजय माकन के अध्यक्ष पद छोड़ते ही विवाद भी शुरू हो गए हैं। एक ओर किसी अध्यक्ष के न होने की स्थिति में पांच दर्जन ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति सवालों के घेरे में है तो दूसरी ओर लगातार बनाए जा रहे डेलीगेट पर भी विवाद उठ रहा है।



जानकारी के मुताबिक कुल 280 में से 220 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति माकन ने कई माह पूर्व कर दी थी। लेकिन, पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल एवं संदीप दीक्षित के संसदीय क्षेत्रों में ब्लॉक अध्यक्ष इसलिए नियुक्त नहीं हो पाए थे, क्योंकि इनके साथ सहमति नहीं बन पा रही थी। इसकी वजह से सूची तैयार होने के बाद भी ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा रोक ली गई थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी पीसी चाको ने जिन 60 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की है, वह माकन द्वारा तैयार की गई सूची ही है। ऐसे में असंतुष्ट नेताओं द्वारा आपत्ति जताई जा रही है कि किसी अध्यक्ष की अनुपस्थिति में यह सूची जारी करना लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा देगा। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस में किसी अध्यक्ष के नहीं होने के बावजूद एक के बाद एक डेलीगेट बनाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इनकी 850 रुपये की पर्ची भी काटी जा रही है। हैरानी की बात यह कि सभी पर्चियां दिसंबर माह की काटी जा रही हैं। मतलब यह कि सभी नियुक्तियां माकन की सहमति से होने का संदेश देने की कोशिश चल रही है।



नए अध्यक्ष की जोड़तोड़ के बीच प्रदेश कांग्रेस में ऐसी गतिविधियां नए विवादों को जन्म दे रही हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने स्वीकार किया कि 60 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची माकन के समय की ही है। एआइसीसी कार्यालय में चाको के साथ हुई धक्का मुक्की भी इसी का परिणाम है। साथ ही यह भी माना कि कुछ नए डेलीगेट बनाए गए हैं। हालांकि, उनका कहना था कि इनकी पर्ची भले काटी गई हो, अलबत्ता किसी को कोई नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है।


 


कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने सोमवार को कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा 10 जनवरी तक होने की संभावना है। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष योगानंद शास्त्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नाम पर विचार हो रहा है



सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में चाको ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम को अंतिम रूप देने के लिए दो दिन और लेंगे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन पर कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी की अध्यक्षता में गठित समिति गठबंधन पर फैसला लेगी। सूत्रों के मुताबिक एक चर्चा तीन चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की भी हो रही है।चाको ने जारी की 60 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची: सोमवार को ही पीसी चाको ने 60 ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की सूची भी जारी कर दी। इसके पूर्व 280 में से 220 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची माकन के कार्यकाल में जारी हो गई थी।