कार्यकारी अध्यक्षों के काम का किया बंटवारा : शीला दीक्षित

संवाददाता :- प्रिया शर्मा 


नई दिल्ली : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने पदभार संभालने के बाद तीनों कार्यकारी अध्यक्षों के कार्यभार का बंटवारा कर दिया है। सबसे अनुभवी कार्यकारी अध्यक्ष हारून युसूफ को पूर्वी दिल्ली निगम क्षेत्र के साथ एनएसयूआइ, कांग्रेस की महिला विंग व सेवा दल का का प्रभारी बनाया गया है। हारून करीब 12 वर्ष तक दीक्षित कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं। दीक्षित के कार्यकाल में पूर्वी दिल्ली का कायाकल्प हुआ व ट्रांस यमुना बोर्ड बनाकर बड़ी योजनाओं पर काम हुआ। इस क्षेत्र की गतिविधियों व पूर्वी निगम संबंधी मामलों पर हारून नजर रखेंगे।


कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र यादव को दक्षिण दिल्ली नगर निगम क्षेत्र के साथ यूथ कांग्रेस का प्रभार दिया गया है। दक्षिण दिल्ली नगर निगम तीनों निगमों की तुलना में राजस्व के मामले में बेहद मजबूत है। यूथ कांग्रेस भी चुनावी रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में कहा जा सकता है कि देवेंद्र को सबसे मजबूत प्रभार मिला है। राजेश लिलोठिया को उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अलावा प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश कांग्रेस के पास पर्वतीय कांग्रेस, पूर्वाचल कांग्रेस व लीगल सेल सहित आधा दर्जन प्रकोष्ठ हैं। लिलोठिया सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्ष हैं। अभी तीनों कार्यकारी अध्यक्षों के लिए कमरों की व्यवस्था नहीं की गई है।



इसलिए तीनों प्रदेश अध्यक्ष के कमरे में बैठक कर विषयों पर चर्चा कर रहे हैं। वहीं, शीला दीक्षित ने प्रदेश कार्यालय में नियमित तौर पर बैठना भी शुरू कर दिया है, जहां वह कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रही हैं। उन्हें जल्द ही लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति तय करनी होगी। इसी क्रम में ब्लाक अध्यक्षों के साथ शनिवार को बैठक बुलाई है। कांग्रेस ने हाल में सभी 280 ब्लाक अध्यक्षों के नामों की घोषणा की है, जिन्हें लोकसभा चुनाव को लेकर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।