लोकसभा चुनाव में संभावित हार से डरी हुई है आप: मनोज तिवारी

Written by :- सन्नी गुप्ता


नई दिल्ली : भाजपा का कहना है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी (आप) का असली चेहरा सामने आ गया है। लोगों ने अब उसे नकार दिया है, इसलिए वह कांग्रेस की बैसाखी के सहारे लोकसभा चुनाव लड़ना चाहती है।



दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ सबका विकास’ के मूल मंत्र के आधार पर किए गए कार्यो पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। आप अपनी संभावित हार से डरी हुई है, इसीलिए कांग्रेस के साथ समझौते की कोशिश में करती रही है। केजरीवाल सरकार दिल्ली में विकास कार्यो को छोड़कर केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर जनता को गुमराह करती रहती है। विधानसभा चुनाव में किया गया एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है, जिससे जनता में आक्रोश है। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों से विचलित होकर सभी विरोधी दल एक होने के लिए आतुर दिख रहे हैं। इसी कड़ी में आप दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए प्रयास कर रही थी। अतिमहत्वाकांक्षा के कारण दोनों दलों में यह अनैतिक गठबंधन नहीं हो सका। केजरीवाल ने जनहित के लिए कोई भी ऐसा कार्य नहीं किया, जिसको लेकर वह चुनाव में जनता के बीच जा सकें। निगम चुनाव में आप बुरी तरह से हार चुकी है, इसलिए लोकसभा चुनाव के लिए उन्हें बैसाखी की जरूरत पड़ रही है।