लोकसभा चुनाव से पहले राहुल ने अब चला महिला आरक्षण का दांव...

REPORTED BY :- चेल्सी रघुवंसी 


लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा पर बढ़त बनाने की कोशिशों में जुटे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने महिला आरक्षण का दांव चला है। केरल के कोच्चि में पार्टी बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो महिला आरक्षण पास कराने में देर नहीं लगाएगी।



कांग्रेस के साथ भाजपा ने भी 2014 के अपने चुनाव घोषणा पत्र में महिला आरक्षण का वादा किया था। राज्यसभा में करीब नौ साल पहले पारित हो चुका महिला आरक्षण बिल अभी तक लोकसभा की देहरी को नहीं लांघ सका है। गुरुवार से शुरू हो रहे मौजूदा लोकसभा के आखिरी सत्र में भी इसकी गुंजाइश नहीं। लोकसभा में इस संविधान संशोधन को कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के समय भी पारित नहीं कराया जा सका था। कथित महागठबंधन के ही कई दल राज्यसभा से पारित महिला आरक्षण विधेयक के स्वरूप से सहमत नहीं हैं। गौरतलब है कि सोमवार को राहुल ने छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए ‘न्यूनतम आमदनी गारंटी’ योजना का एलान किया था। वह पूरे देश में किसान कर्ज माफी की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। बड़े चुनावी वादों के बीच आधी आबादी को साधने के लिहाज से राहुल का नया एलान सियासी रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। माना जा रहा है कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में जल्द उनकी ओर से कुछ अहम घोषणाएं की जा सकती हैं।



वैसे न्यूतनम आय की गारंटी की तरह राहुल ने महिला आरक्षण का वादा अचानक नहीं किया है। कांग्रेस करीब एक वर्ष से महिला आरक्षण को लेकर गंभीर दिख रही है। महिला कांग्रेस ने पिछले साल राष्ट्रीय स्तर पर अभियान भी चलाया था। पिछले मानसून सत्र से पहले राहुल ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कांग्रेस के समर्थन की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए महिला आरक्षण बिल पारित कराने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और भाजपा साथ आ जाएं तो यह विधेयक लोकसभा में पारित हो जाएगा।