निजी स्कूलों से मुकाबला करेंगे मॉडल स्कूल :-मनोज तिवारी

 reported by :- संदीप कुमार


नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के स्कूल अब निजी स्कूलों को टक्कर देते नजर आएंगे। इन स्कूलों में न केवल विद्यार्थियों को खेलने के लिए झूले उपलब्ध होंगे, बल्कि आधुनिक कंप्यूटर लैब समेत सीसीटीवी कैमरे, बुलेटिन बोर्ड की भी व्यवस्था होगी। निगम का दावा है कि उसने ऐसे 100 स्कूल बनाने का फैसला लिया है। पहले चरण में 40 मॉडल स्कूल इसी साल बनकर तैयार हो जाएंगे।



निगम के मालवीय नगर स्थित पहले मॉडल स्कूल का उद्घाटन मंगलवार को दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू व स्थायी समिति की अध्यक्ष शिखा रॉय ने किया। इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि दक्षिणी निगम के सभी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने और सीखने के अनुरूप बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। निगम पर छात्रों के विकास और उनके भविष्य बनाने की जिम्मेदारी है, इस दिशा में निगम हरसंभव कार्य कर रहा है। निगम की प्राथमिकता बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के साथ साथ अच्छी शिक्षा देना है और इस स्कूल का निर्माण इस ओर एक सराहनीय कदम है।



स्थायी समिति की अध्यक्ष शिखा रॉय ने बताया कि ऐसे मॉडल स्कूल के निर्माण से शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा। इस विद्यालय के निर्माण में लगभग दो करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। दो मंजिल स्कूल में 10 क्लास रूम, एक बड़ा हॉल, दो स्टोर रूम और प्रत्येक तल पर विकलांग छात्र-छात्रओं के लिए अलग अलग शौचालय हैं। स्वच्छ पानी की व्यवस्था, विकलांगों के लिए रैंप और वर्षा जल संचयन की सुविधा भी है। शिक्षा समिति की अध्यक्ष नंदिनी शर्मा ने बताया कि निगम का शिक्षा विभाग बेहतरीन कार्य कर रहा है। निगम के सभी 581 विद्यालयों में मार्च तक सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम पूरा हो जाएगा और स्मार्ट क्लास की भी व्यवस्था होगी। कहा कि उनकी ओर से शुरू किए गए विशेष क्लास लगाने के लिए बुनियाद कार्यक्रम को भी विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों ने सराहा है।