राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज, मन की बात करने नहीं आया ..

Reported by :- प्रिया शर्मा 


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वे यहां अपने मन की बात करने नहीं आए हैं, बल्कि लोगों से उनकी समस्याएं सुनने आए हैं। राहुल ने यूएई के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मुहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम से मिलकर 21वीं सदी में दोनों देशों के आपसी संबंधों पर चर्चा की। उनका कई अन्य नेताओं से मिलने का भी कार्यक्रम है। राहुल ने जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में भारतीय कामगारों को संबोधित करते हुए यूएई के विकास में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मैं यहां अपने मन की बात करने नहीं आया हूं। मैं यहां आपके मन की बात सुनने आया हूं। उनका इशारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो संबोधन की तरफ था, जिसमें वे कई मुद्दों पर चर्चा करते हैं।



राहुल ने कामगारों से कहा कि यहां जो भी विकास दिखता है, जैसे-ऊंची इमारतें, बड़े हवाई अड्डे और मेट्रो, इन सबमें आपका योगदान है। आपने इसके लिए खून-पसीना बहाया है और सभी वर्ग के भारतीयों को गौरवान्वित किया है। हर धर्म, हर प्रदेश, हर जाति का नाम आपने रोशन किया है। मेरी पार्टी आपकी समस्याओं से अवगत है और मदद करना चाहती है। कहा कि दूसरे लोगों की तरह मैं भी एक आम आदमी हूं और हमेशा आपके साथ खड़ा रहूंगा। उन्होंने कहा कि लड़ाई शुरू हो चुकी है और हम इसमें जीतेंगे। इससे पहले राहुल ने शुक्रवार सुबह नाश्ते पर संयुक्त अरब अमीरात में मौजूद भारतीय मूल के प्रमुख कारोबारियों से मुलाकात की। उनके साथ केरल के पूर्व सीएम ओमान चांडी व प्रवासी भारतीय कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा भी आए हुए हैं।


इससे पहले गुरुवार रात को संयुक्त अरब अमीरात की पहली यात्र पर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष का प्रवासी भारतीयों ने दुबई हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया। असहिष्णुता को लेकर साधा निशाना: राहुल ने 2019 को सहिष्णुता वर्ष घोषित करने के लिए यूएई की प्रशंसा की है। लेकिन, इसके साथ ही यह भी कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षो से भारत में असहिष्णुता का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यूएई और भारत को जो चीजें एक साथ लाती हैं, उनमें मानवता और सहिष्णुता शामिल हैं। हम भारत जैसे देश को कभी इस मानसिकता से नहीं चला सकते कि सिर्फ एक विचारधारा सही है और बाकी सारे गलत हैं। मोदी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी के जरिये देश को तबाह करने का भी आरोप लगाया।