रामलीला मैदान में आयोजित युवा विजय संकल्प महारैली ..

Reported by : रेनुका राजपूत 


नई दिल्ली : रामलीला मैदान में आयोजित युवा विजय संकल्प महारैली में भाजपा नेताओं ने महागठबंधन के साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल व उनकी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के साथ ही दिल्ली सरकार की नाकामियों से भी लोगों को अवगत कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे कांग्रेस व आप के बीच गठबंधन की कोशिशें हो रही हैं।



लोकसभा सहप्रभारी जयभान पवैया ने कहा कि इसी रामलीला मैदान में अन्ना हजारे के गैर राजनीतिक आंदोलन से जन्म लेने वाली बेईमान पार्टी का नाम आम आदमी पार्टी है। केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने कहा कि दिल्ली के युवाओं को केजरीवाल से बहुत उम्मीदें थीं। उन्हें लगता था कि अन्ना आंदोलन से सामने आया यह नेता दिल्ली के विकास व भ्रष्टाचार के खिलाफ काम करेगा। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। आप सरकार ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया। प्रदूषण, यातायात की समस्या, झुग्गी-झोपड़ियों व अनधिकृत कॉलोनियों की बदहाली, नशे की समस्या के लिए यह सरकार जिम्मेदार है। दिल्ली को बचाने के लिए इस सरकार को उखाड़ फेंकना होगा, जिसके लिए युवाओं को परिश्रम करना होगा। यदि आप की दोबारा सरकार बनी तो दिल्ली झुग्गी में तब्दील हो जाएगी।


उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को जेल भेजने की बात करने वाले अब आपस में मेल कर रहे हैं। पर्दे के पीछे अभी भी दोनों पार्टियों में गठबंधन की कोशिशें चल रही हैं।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने युवा कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों का अध्ययन कर इसके बारे में लोगों को जागरूक करने की सलाह दी। अन्य नेताओं ने भी केजरीवाल सरकार को आड़े हाथों लिया। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि युवा नमो अगेन अभियान को तेज करेंगे। नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजयुमो के सभी कार्यकर्ता दिनरात मेहनत करेंगे।


रैली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, सांसद डॉ. उदित राज, मीनाक्षी लेखी, प्रवेश वर्मा, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता सहित कई नेता मौजूद थे।