तीन राज्यों में अकेले चुनाव लड़ेगी आप:- गोपाल राय

REPORTED BY :-  प्रिंस सोलंकी


नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) का कहना है कि वह अपने दम पर तीन राज्यों में लोकसभा चुनाव लड़ेगी और इसके लिए जल्द प्रत्याशी उतारेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सिविल लाइंस स्थित आवास पर पत्रकार वार्ता में आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में पार्टी सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।



गोपाल राय का कहना है कि केंद्र की भाजपा सरकार मनमानी कर रही है। विपक्षी दलों को परेशान किया जा रहा है। सरकारी संस्थाओं में भी वह मनमानी चला रही है। इसके मद्देनजर अन्य पार्टियों ने इच्छा जताई थी कि आप को कांग्रेस के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ना चाहिए, लेकिन पार्टी पहले दिन से ही कांग्रेस की गलत नीतियों का विरोध करती आई है। आप ने ही जनता के सामने कांग्रेस के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया था। आज दिल्ली में कांग्रेस जीरो पर है तो उसका कारण केवल आम आदमी पार्टी है। केंद्र सरकार की नीतियों को देखते हुए आप देशहित में कांग्रेस के साथ गठबंधन पर विचार कर सकती थी। जिस प्रकार के बयान कांग्रेस के पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और दिल्ली की नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की ओर से आए हैं, उसे देखते हुए पार्टी ने तय किया है कि वह दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।



गोपाल राय ने कहा कि शीला दीक्षित नहीं चाहतीं कि दिल्ली के लोगों को बिजली आधे दामों पर तथा पानी मुफ्त में उपलब्ध कराया जाए, क्योंकि उन्होंने बयान दिया है कि यह संभव ही नहीं है जबकि चार साल से आप जनता को ये सब सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। यदि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार होती तो यह काम बिल्कुल नहीं होता। राय ने बताया कि आप जल्द ही अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी। पंजाब के बरनाला से 20 जनवरी से चुनाव प्रचार शुरू होगी। बीस जनवरी को एक रैली आयोजित होगी, जिसमें आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे।