उत्तर-पूर्वी राज्यों के नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी पुलिस प्रतिबद्ध ..

Written by :- प्रिया शर्मा 


नई दिल्ली : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि दिल्ली पुलिस राजधानी के लोगों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए तत्पर तो है ही, इसके साथ ही दिल्ली में रहने वाले उत्तर-पूर्वी राज्यों के नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। पुलिस वह हरसंभव प्रयास कर रही है, जिससे उत्तर पूर्वी राज्यों के लोग राजधानी में खुद को महफूज समङों। एसपीयूडब्ल्यूएस की सेल्फ डिफेंस विंग आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से महिला व युवतियों को आत्मनिर्भर बना रही है। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। इन प्रयासों से ही दिल्ली पुलिस देश की सबसे पेशेवर बन गई है।



यह बातें गृह राज्य मंत्री ने सोमवार को मोतीबाग के नानकपुरा में महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूडब्ल्यूएसी) के लिए नई बिल्डिंग के शिलान्यास के मौके पर कही। उन्होंने उत्तर पूर्वी राज्य के लोगों के लिए विशेष पीसीआर वैन को भी हरी झंडी दिखा रवाना किया। किरन रिजिजू ने कहा कि दिल्ली पुलिस कई स्तर पर चुनौतियों का सामना कर रही है। जनता को बेहतर सेवाएं मिलें, इसके लिए नवीनतम तकनीक को भी अपनाया जा रहा है।


इस दौरान दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि दिल्ली पुलिस महिला और बच्चों की सुरक्षा के लिए तमाम तरह के प्रयास कर रही है। बाहर के राज्यों से आए नागरिकों के खिलाफ हो रहे अपराध पर पुलिस की नजर है। पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने कहा कि दिल्ली पुलिस निरंतर लोगों की सुरक्षा के लिए बेहतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने बताया कि उत्तर पूर्व के राज्यों से आए नागरिकों के लिए अलग से एक यूनिट थी। अब पुलिस ने उनके लिए विशेष पीसीआर वैन की शुरुआत की है। इस वैन को वहां के नागरिकों की बहुलता वाले स्थान पर लगाया जाएगा।



पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और बच्चों पर हो रहे अपराध को रोकने के लिए 2008 में एसपीयूडब्ल्यूएसी का गठन हुआ था। बच्चों के मुद्दों पर भी यह नोडल एजेंसी थी। नानकपुरा स्थित एसपीयूडब्ल्यूएसी परिसर में पहले एक पुलिस स्टेशन और महिला अपराध सेल काम कर रही थी, लेकिन बेहतर कार्य के लिए बड़े भवन की आवश्कता होने पर वहां अत्याधुनिक पांच मंजिला भवन के निर्माण की योजना बनाई गई। 23.53 करोड़ रुपये से यह भवन तैयार होगा। वहां पार्किग सहित महिला लाउंज, लाइब्रेरी, कैफेटेरिया और कांफ्रेंस रूम इत्यादि का निर्माण होगा। इस मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व लोग मौजूद रहे...