यातायात नियंत्रण में मददगार है सोशल मीडिया.

REPORTED BY:- दिनेश सोलंकी


नई दिल्ली : यातायात के प्रभावी नियंत्रण में सोशल मीडिया मददगार साबित हो सकती है। इसके लिए जरूरत सिर्फ तकनीकी पहलुओं को समझने की है। यातायात पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया का प्रशिक्षण देते समय यह बात तकनीकी विशेषज्ञों ने कही।



टोडापुर स्थित यातायात पुलिस मुख्यालय में सोमवार को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 जवानों को प्रशिक्षण दिया गया। ये पुलिसकर्मी पब्लिक इंटरफेस यूनिट (पीआइयू) से जुड़े हैं। वर्क वल्र्ड और फेसबुक इंडिया के विशेषज्ञों ने इन्हें प्रशिक्षण दिया हँ। इसमें इस बात पर जोर दिया गया कि सोशल मीडिया पर किस तरह पकड़ मजबूत की जा सकती है। साथ ही दिल्ली के यातायात से जुड़ी सूचनाओं को किस तरह से जल्द से जल्द लोगों के साथ साझा किया जा सकता है।



इस दौरान यातायात पुलिस के विशेष पुलिस कमिश्नर ताज हसन ने बताया कि 2010 से दिल्ली यातायात पुलिस फेसबुक के जरिए लोगों को जाम, रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने का कार्य कर रही है। लोगों से मिलने वाली शिकायतों पर कार्रवाई करने के साथ लोगों से मिलने वाले सुझावों पर भी कार्य किया जा रहा है। अब सोशल मीडिया को अधिक प्रभावी तरीके से प्रयोग में लाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यातायात पुलिस के संयुक्त कमिश्नर आलोक कुमार ने इस मौके पर कहा कि लोगों को अधिक से अधिक सुविधा देने के लिए फेसबुक के साथ अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म का भी प्रयोग किया जा रहा है। शिकायतों के समाधान और त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम 24 घंटे और सातों दिन नियमित रूप से कार्य कर रही है। इस मौके पर विशेष पुलिस आयुक्त यातायात ताज हसन व संयुक्त आयुक्त यातायात आलोक कुमार सहित यातायात पुलिस के समस्त अधिकारी मौजूद थे।