यमुना में बढ़ी अमोनिया की मात्र, जल आपूर्ति प्रभावित..

REPORTING BY :- प्रिया शर्मा 


नई दिल्ली:यमुना में अमोनिया की मात्र बढ़ने से दूसरे दिन भी जल बोर्ड के तीन शोधन संयंत्रों से पानी आपूर्ति प्रभावित रही। इस वजह से शनिवार को 50 एमजीडी कम पानी की आपूर्ति हो पाई। अगले दो-तीन दिनों तक समस्या बरकरार रहने की आशंका है।



जल बोर्ड का कहना है कि स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध पानी का बराबर वितरण शुरू किया गया है। हरियाणा से यमुना के पानी में औद्योगिक कचरा अधिक आने से अमोनिया की मात्र बढ़ गई है। सुबह में यमुना के पानी में आमोनिया का स्तर 1.6 पीपीएम (पार्ट पर मिलियन) था। इसे जल शोधन संयंत्र में शोधित करने के बाद भी पानी में अमोनिया का स्तर 0.6 पीपीएम पाया गया।



जबकि, पानी में अमोनिया की मौजूदगी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। लिहाजा वजीराबाद, चंद्रावल व ओखला जल शोधन संयंत्र से पानी आपूर्ति कम हो गई है। इस वजह से बाहरी दिल्ली, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के इलाकों, पुरानी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली व दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में पानी आपूर्ति प्रभावित हुई है। जल बोर्ड ने हरियाणा से यमुना में अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए कहा है। जल बोर्ड सामान्य तौर पर प्रतिदिन करीब 900 एमजीडी पानी आपूर्ति करता है, जबकि शनिवार को 850 एमजीडी पानी की आपूर्ति हो पाई। पेयजल किल्लत होने पर जल बोर्ड के कॉल सेंटर (1916) में कॉल कर पानी का टैंकर मंगा सकते हैं।