12 सालों में इस बार सर्वाधिक ठिठुरी दिल्ली...

Reported by :- प्रिंस सोलंकी


पढ़ने और सुनने में भले ही सहसा विश्वास न हो, लेकिन पिछले 12 सालों में इस बार दिल्ली सबसे ज्यादा ठिठुरी। दिसंबर और जनवरी में नौ दिन दिल्ली का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। इससे पहले 12 साल पूर्व सर्दियों के इन दो माह में 11 दिन चार डिग्री सेल्सियस से कम तापमान रहा था। यही नहीं, कोहरे ने भी इस बार 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस बार सबसे कम कोहरा पड़ा।



दिसंबर में भी इस साल कई रिकॉर्ड बने हैं। दिसंबर 2018 का औसत न्यूनतम तापमान महज 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 2005 में यह छह डिग्री और 1996 में 5.9 डिग्री रहा था। दिसंबर में 26 दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। दिसंबर का सबसे ठंडा दिन 29 तारीख को रहा, जब तापमान महज 2.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।



यह भी पिछले 50 सालों के दौरान चौथा सबसे कम तापमान है। इससे पहले 2013, 1996 और 1973 में दिल्ली इससे ठंडी रही।


दिसंबर में सबसे कम तापमान 27 दिसंबर 1930 को दर्ज हुआ था। इस दिन तापमान शून्य डिग्री था। इस दौरान 16 रातों का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से भी कम और आठ रातों को चार डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा था।



  गुरुवार को दिल्ली में बादल तो दिन भर छाए रहे, लेकिन बारिश के नाम पर कुछ क्षेत्रों में कुछ बूंदें ही पड़ीं। अलबत्ता, शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना बन रही है।


मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से महज एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 60 से 97 फीसद रहा। शुक्रवार को तापमान 20 और 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद पांच से छह दिनों तक तापमान में वृद्धि नहीं होगी।