अब बवाना में फैक्ट्री में लगी आग, नौ लोग झुलसे
REPORTED BY :- सन्नी गुप्ता

:-बाहरी दिल्ली: बवाना औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार तड़के फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में नौ लोग झुलस गए। उन्हें अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। सूचना के बाद मौके पर एक के बाद एक पहुंची दमकल की 15 गाड़ियों ने सवा दो घंटे में आग पर काबू पा लिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है।


बवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित सेक्टर चार के ई ब्लाक में नेल पॉलिश तैयार करने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। बताया जाता है कि इस दो मंजिला फैक्ट्री में काम करने वाले ज्यादातर मजदूर रात में सो जाया करते थे। ऐसे में बृहस्पतिवार की रात 15 से अधिक मजदूर फैक्ट्री के अंदर सो रहे थे। तड़के करीब पौने तीन बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग बेसमेंट से शुरू होकर पहली व दूसरी मंजिल तक फैल गई। ऐसे में फैक्ट्री के अंदर फंसे मजदूरों के बीच अफरातफरी मच गई और वह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कई मजदूर तो समय रहते सकुशल बाहर निकल गए, लेकिन नौ मजदूर बाहर निकलने के क्रम में आग में झुलस गए।



उनकी पहचान बबलू (20), छोटू (21), रवि (25), जग्गी (22), रण सिंह (21), कन्हैया (21), वीरपाल (23), पप्पू (24), होरीलाल (28) के रूप में की गई है। इन घायलों को पहले नजदीकी महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में कुछ घायलों की हालत को देखते हुए अंबेडकर व एलएनजेपी अस्पताल में भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री में नेलपॉलिश बनाने के लिए प्रयुक्त होने वाले केमिकल रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई।