भाजपा के घोषणापत्र में होगी जनता के मन की बात.. भाजपा अध्यक्ष

REPORTED BY :- सन्नी गुप्ता


नई दिल्ली : दो दिन पहले ही बजट के जरिये बड़ी आबादी को साधने के बाद अब भाजपा अपने चुनावी घोषणापत्र के जरिये पूरे देश को जोड़ने की तैयारी में है। इस दिशा में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष व केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी के महासंपर्क अभियान को हरी झंडी दिखाई है। महासंपर्क अभियान में 10 करोड़ लोगों से न्यू इंडिया और मोदी सरकार से उनकी अपेक्षाओं पर सुझाव मांगे जाएंगे। इससे जमीन पर पकड़ मजबूत करने के साथ लोगों की नब्ज टटोलने में भी मदद मिलेगी।



आगामी चुनाव वादों और बयानों के मामले में तीखा होता दिख रहा है। ऐसे में भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से आ रहे परिवर्तन व पांच साल में पूरे हुए वादे गिनाने के साथ ही अगले पांच साल के लिए जनता की राय लेते हुए उन्हें साथ लेने की कोशिश में है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने महासंपर्क को अनूठी लोकतांत्रिक पहल बताते हुए कहा कि भाजपा को अंदरूनी लोकतंत्र और विचारधारा ही अन्य दलों से अलग करती है। जनता की राय जानने के लिए देशभर के 4,000 विधानसभा क्षेत्रों में 7,500 सुझाव पेटियां रखी जाएंगी। संपर्क अभियान के लिए 300 हाईटेक एलईडी रथ, विशेषरूप से तैयार ऑनलाइन अकाउंट व मिस्ड कॉल नंबर का इंतजाम किया गया है। सरकार के पांच साल को लेकर छोटी फिल्म भी तैयार की गई है, जिसमें पांच साल पहले के और अब के भारत की तुलना भी होगी। इसमें कहा गया है- ‘काम करे जो, उम्मीद उसी से हो।’शाह ने कहा कि कई दल बड़े-बड़े लोकलुभावन वादे करते रहे हैं। इससे देश का भला नहीं हुआ। मोदी सरकार ने देश को दिशा दी है। यह अभियान भी उसी दिशा में है। उन्होंने फिर कहा, भाजपा जल्द से जल्द भव्य राम मंदिर का निर्माण चाहती है। अयोध्या की अधिगृहीत अविवादित जमीन राम जन्मभूमि न्यास व अन्य मालिकों को वापस करने की दिशा में सरकार के कदम को ऐतिहासिक बताया। पूछा कि विपक्ष बताए कि वह राम मंदिर पर क्या विचार रखता है। पूवरेत्तर में विवादों में घिरे सिटिजन विधेयक को देश के लिए जरूरी बताया। हालांकि, स्पष्ट किया कि केंद्रीय गृह मंत्री संबंधित दलों से बात कर रहे हैं और हर समस्या का हल निकाल लिया जाएगा।



पहला सुझाव राम मंदिर का: यह कार्यक्रम दिल्ली के अशोका होटल में हुआ। इससे पहले कि रथ को हरी झंडी दिखाई जाती, होटल के ही एक वेटर मोहन चंद्र पांडे ने कागज पर सुझाव लिखकर मंच पर रखी पेटी में डाल दिया। बताते हैं कि उसने राम मंदिर निर्माण कराने का सुझाव दिया है।