भाजपा के हाईटेक रथ से चलेंगे सियासी तीर,रथ देश भर में घूमेंगे

Reported by :- प्रिंस सोलंकी 


नई दिल्ली : आम जनता के मन की बात जानकर घोषणापत्र तैयार करने के लिए भाजपा के हाईटेक रथ देश भर में घूमेंगे। इसके साथ ही दिल्ली भाजपा भी एक हाईटेक रथ तैयार कर रही है, जिसके जरिये केंद्र की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही दिल्ली सरकार की पोल खोलने की तैयारी है। यह रथ चलता फिरता मंच होगा, जिससे नेता छोटी-छोटी सभाएं कर सकेंगे।



दिल्ली सरकार के खिलाफ भाजपा ढोल बजाओ आंदोलन चला रही है। इसमें कार्यकर्ता ढोल बजाकर लोगों के बीच दिल्लीवासियों की समस्या उठा रहे हैं और इसके लिए आम आदमी पार्टी (आप) को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ भाजपा का यह सियासी वार और तेज होने वाला है। पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने के साथ ही डिजिटल रथ से भी सियासी तीर चलाएंगे। यह रथ इसी महीने सड़क पर उतारने की पार्टी की योजना है। रथ को इस तरह तैयार किया जाएगा कि संकरी गलियों में भी किसी तरह की परेशानी न हो। इसमें एक बड़ी एलईडी स्क्रीन और छह छोटी स्क्रीन लगाई जाएंगी। कैमरे और प्रोजेक्टर भी लगाए जाएंगे।



भाजपा के प्रदेश जनसंपर्क प्रभारी नीलकांत बख्शी का कहना है कि आप ने विधानसभा चुनाव में दिल्ली के लोगों के साथ 70 वादे किए थे, लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। अब अपनी नाकामी छिपाने के लिए टकराव की राजनीति की जा रही है। इसलिए जनता को सरकार की हकीकत बताने की जरूरत है। डिजिटल रथ में एलईडी स्क्रीन पर आप के 70 वादों की स्थिति दर्शायी जाएगी। वादों की पड़ताल करती हुई वीडियो भी लोग देख सकेंगे। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां व शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाएं भी स्क्रीन पर देख सकेंगे।