भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर लहराया भाजपा का झंडा...

REPORT BY : निकिता कश्यप 



नई दिल्ली : भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी का झंडा व स्टीकर लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। घरों पर जहां पार्टी का झंडा लहराया वहीं सोशल मीडिया पर भी प्रधानमंत्री के समर्थक मोदी अगेन अभियान चला रहे हैं। पार्टी का झंडा व स्टीकर लगाते हुए अपनी फोटो और केंद्र सरकार की उपलब्धियां सोशल मीडिया पर डालकर देश की सुरक्षा व बेहतर भविष्य के लिए देशवासियों से मोदी के समर्थन में खड़े होने का आह्वान कर रहे हैं।मंगलवार को ‘मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान’ की शुरुआत हुई। दिल्ली में इस अभियान की शुरुआत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपने आवास पर पार्टी का झंडा व स्टीकर लगाकर किया। इसी तरह से अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी अपने आवास पर पार्टी का झंडा फहराया और दरवाजे पर पार्टी के चुनाव चिह्न वाले स्टीकर लगाकर मोदी के हाथों में फिर से देश की बागडोर सौंपने का संकल्प लिया। तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सीमाओं के साथ ही आंतरिक सुरक्षा को भी मजबूत किया है। सामाजिक न्याय की दिशा में काम हो रहा है, उपेक्षित वर्ग व गरीबों को इन्साफ मिलने की उम्मीद जगी है। स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। देश विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना है। लक्ष्य हासिल करने के लिए देश को मजबूत सरकार की जरूरत है जो मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही दे सकती है। मोदी सरकार ने देश को विश्व में नई पहचान दिलाई है। विकास की इस गति को आगे बढ़ाने के लिए मोदी अगेन संकल्प को कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएंगे।


दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने डिफेंस कॉलोनी स्थित अपने आवास पर, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन ने अनुपम गार्डन, सैनिक फार्म में, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कृष्णा नगर में, विजय गोयल अशोक रोड पर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडा फहराकर इस अभियान में शामिल हुए।इसी तरह से राष्ट्रीय मंत्री व पूर्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरी, सांसद रमेश बिधूड़ी, मीनाक्षी लेखी, डॉ. उदित राज, दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, अभियान के संयोजक पवन शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, र¨वद्र गुप्ता व राजेश भाटिया सहित अन्य नेता भी इस अभियान में शामिल हुए। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व उपलब्धियों को प्रचारित करने का आह्वान किया।