भाजपाइयों ने केजरीवाल का किया घेराव, दिखाए काले झंडे

reported by : संदीप कुमार


बाहरी दिल्ली: शुक्रवार शाम नरेला विधानसभा क्षेत्र की अनधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्यो का शुभारंभ करने जा रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव कर काले झंडे दिखाए। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुख्यमंत्री की कार पर हमला करने का आरोप लगाया है।



घेराव करने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बवाना रोड स्थित एक फार्म हाउस पर एकत्रित हुए थे। उन्हें भाजपा जिलाध्यक्ष की तरफ से तीन बजे बैठक के लिए बुलाया गया था। मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल के आने का कार्यक्रम चार बजे निर्धारित था। केजरीवाल के आने की जानकारी जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली, वे स्वतंत्र नगर मोड़ पर एकत्रित हो गए। करीब चार बजे केजरीवाल का काफिला स्वतंत्र नगर मोड़ की तरफ मुड़ा तो भाजपा कार्यकर्ता उनके खिलाफ नारे लगाने लगे। कार्यकर्ता करीब बीस मिनट तक मुख्यमंत्री के काफिले को रोके रहे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर काफिले को कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।



प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व जिलाध्यक्ष नीलदमन खत्री एवं नरेला निगम जोन के पूर्व चेयरमैन सुनीत चौहान कर रहे थे। आम आदमी पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुख्यमंत्री की कार पर पथराव का आरोप लगाया। वहीं नीलदमन खत्री ने इस बात से साफ इन्कार किया है।


खत्री का कहना है कि किसी भी कार्यकर्ता ने कोई पथराव नहीं किया। हम लोग केवल विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल ने देहात के साथ धोखा किया है। वह मेट्रो रेल के मामले में नित्य नई अड़चन लगा रहे हैं।