दरिंदों से बचने को बस से कूदीं लड़कियां..

reported  :- शिवानी बिष्ट 


पश्चिमी दिल्ली : छावला थाना क्षेत्र में चलती बस में दो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। जब लड़कियों ने विरोध किया और बस से उतरना चाहा तो चालक व कंडक्टर ने यह कहते हुए बस रोकने से इन्कार कर दिया कि बस नियत स्टॉप पर ही रुकेगी।



इसके बाद दोनों लड़कियों ने हिम्मत दिखाई और बस धीमी होने पर बस से छलांग लगा दी। इसमें लड़कियों को चोट भी आई है।लड़कियों की शिकायत पर पुलिस ने कंडक्टर व चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान हरदीप व हेमंत के रूप में हुई है। मामला 27 जनवरी का है। नजफगढ़ से झटीकरा जाने वाली क्लस्टर बस पर दो लड़कियां सवार हुईं। बस शिकारपुर गांव के पहुंची तो अधिकांश सवारियां उतर गई। बस में दो लड़कियां व एक लड़के के अलावा चालक व कंडक्टर बचे। शिकारपुर गांव में कंडक्टर बस चलाने लगा। चालक लड़कियों के पास की सीट पर बैठ गया और उनसे अश्लील हरकत करने लगा। लड़कियों ने विरोध किया। एक लड़की ने अपने घर पर फोन मिलाया। पिता ने बेटी को फौरन बस से उतरने को कहा। इस दौरान आरोपितों ने बस के अंदर की लाइट बंद कर दी। इधर, दोनों लड़कियां चालक के पास गईं और बस रोकने को कहा, लेकिन, बस को रोकने से यह कहते हुए इन्कार कर दिया कि बस नियत स्टॉप पर ही रुकेगी। उससे पहले नहीं रुकेगी। पुलिस के अनुसार तभी किसी कारणवश बस की रफ्तार धीमी हुई, जिसके बाद एक साथ दोनों लड़कियों ने हिम्मत दिखाई और बस से छलांग लगा दी। बाद में लड़कियों ने अपनी शिकायत छावला थाना में दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपितों को पुलिस ने दबोच लिया। गौरतलब है कि वसंत विहार में 16 दिसंबर 2012 को चलती बस में हैवानों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया था। इलाज के दौरान युवती की सिंगापुर में मौत हो गई थी।