दिल्ली में बढ़े दुष्कर्म के मामलों पर सीएम दें इस्तीफा: कांग्रेस

नई दिल्ली : दिल्ली में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविन्द  केजरीवाल से इस्तीफा मांगा है। दिल्ली कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने यह भी कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों के मामले में केंद्र और दिल्ली सरकार केवल जुबानी जंग लड़ रहे हैं।



शर्मिष्ठा ने रोहिणी के अमन विहार में एक साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना पर कहा कि महिला अपराधों के मामलों में दिल्ली सभी महानगरों से काफी आगे निकल चुकी है। निर्भया कांड के समय केजरीवाल दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से इस्तीफा मांगा रहे थे। ऐसे में आज उन्हें खुद इस पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पिछले साल 12 साल से छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं पर फांसी की सजा का प्रावधान किया गया था। इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर चार महीने में सुनवाई पूरी करने को भी कहा गया था। दिल्ली में बीते चार सालों में पॉक्सो एक्ट के 412 मामले आए हैं। लेकिन, इनमें किसी को सजा तो दूर कई मामलों में जांच तक पूरी नहीं हुई है।