‘गठबंधन पर भ्रम फैला रही है आप’

reported by :- संदीप कुमार 


दक्षिणी दिल्ली : गठबंधन की बात कह आम आदमी पार्टी (आप) भ्रम फैला रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, आप से कोई गठबंधन नहीं करेगी। कांग्रेस अपने बूते दिल्ली प्रदेश की सातों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और भाजपा को परास्त कर सभी सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। रविवार को यह बातें दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में दिल्ली कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं।



महरौली व बदरपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपने-अपने जिले में रविवार को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। इसमें कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए अनशन की बात कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।वह जानते हैं कि संसद सत्र खत्म हो गया है और अब नई सरकार बनने पर ही नया सत्र शुरू होगा। उसके बाद ही पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए बिल लाया जा सकता है। उन्होंने केजरीवाल पर जनता को धोखा देने का भी आरोप लगाया। कहा कि विकास के जो वादे करके आप ने सरकार बनाई थी, उस पर कोई काम नहीं किया।



दिल्ली सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है। आप के मुखिया से लेकर पूरी पार्टी के नेता भ्रम फैलाने और झूठ बोलने में माहिर हैं। बोलीं, आप व भाजपा पर्दे के पीछे एक हैं। यह दोनों पार्टियां जनता को धोखा देकर आपस में नूरा-कुश्ती करती रहती हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने दिल्ली की तरफ से अपनी आंखें बंद कर रखी हैं। दिल्ली में नोटबंदी व जीएसटी के साथ बची कसर सीलिंग ने पूरी कर दी। इससे लाखों लोग प्रभावित हुए। महरौली में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जिलाध्यक्ष राजेश चौहान व बदरपुर में जिलाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने कराया। शीला दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्लीवासियों के विश्वास को पुन: प्राप्त करें। इस दौरान राजेश लिलोठिया, रमेश कुमार, सुभाष चोपड़ा, डा. योगानंद शास्त्री, रमाकांत गोस्वामी, जितेन्द्र कुमार कोचर, टेकचन्द शर्मा, सतवीर सिंह आदि मौजूद रहे।