हादसे को दावत दे रहा खुला एक्सपेंशन ज्वाइंट

नई दिल्ली : नई दिल्ली स्थित महाराजा रणजीत सिंह फ्लाईओवर पर कई जगहों पर एक्सपेंशन ज्वाइंट की हालत खराब है। यहां बने अधिकतर एक्सपेंशन ज्वाइंट खुल चुके हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद इसके प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।



एक्सपेंशन ज्वाइंट खुलने से उनके बीच अंतर पैदा गया है, जिसे साफ देखा जा सकता है। वहीं, कनॉट प्लेस से पुरानी दिल्ली की ओर फ्लाईओवर से आते हुए इसके बीचोबीच एक गति अवरोधक बनाया गया है, जो यहां आने वाले वाहनों के लिए मुसीबत बन रहा है।


फ्लाईओवर पर तेज गति में चढ़ने के बाद अचानक गति अवरोधक वाहनों के सामने आ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को एकदम से रफ्तार को कम कर ब्रेक लगाने पड़ते हैं। इससे पीछे से आने वाले अन्य वाहनों के टकराने का डर बना रहता है। गति अवरोधक आने से पहले फ्लाईओवर पर किसी तरह का कोई सूचना बोर्ड भी नहीं है। ऐसे में गति अवरोधक का पता नहीं चल पाता है। किसी किसी ज्वाइंट पर स्थिति इतनी खराब है कि गाड़ियों के निकलने के दौरान टायर फटने का डर रहता है। फ्लाईओवर का निर्माण दिल्ली में एशियन गेम्स के दौरान वर्ष 1982 में किया गया था। यह रामलीला मैदान को कनॉट प्लेस से जोड़ता है। ऐसे में यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का गुजरना होता है।


फ्लाईओवर से गुजर रहे विकास ने कहा कि रोज इसी फ्लाईओवर से गुजरना होता है। ऐसे में यहां एक्सपेंशन ज्वाइंट्स की परेशानी के साथ गति अवरोधक की भी दिक्कत है।