हापुड़ की पैड वुमन ने भरी ऑस्कर की उड़ान

 REPORTED BY : दिनेश सोलंकी


हापुड़


नारी स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर बनी डाक्यू्मेंट्री फिल्म ‘पीरियड एंड ऑफ सेंटेंस’ दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार ऑस्कर के लिए नामांकित हुई है। फिल्म में हापुड़ के गांव काठी खेड़ा की 22 वर्षीय स्नेह ने मुख्य भूमिका निभाई है। स्नेह सहेलियों संग काठी खेड़ा स्थित सबला महिला उद्योग समिति में सेनेटरी पैड बनाती हैं। इसे गांव की महिलाओं के साथ-साथ नारी सशक्तीकरण के लिए काम कर रही संस्था एक्शन इंडिया को भी आपूर्ति किया जाता है। स्नेह के साथ समिति में काम करने वाली छह अन्य लड़कियों ने भी फिल्म में काम किया है।



फिल्म पीरियड (मासिक धर्म)को लेकर गांव की महिलाओं, लड़कियों की ङिाझक, अज्ञानता और इसे लेकर उनमें बैठी शर्मिदगी पर तो है ही, सेनेटरी पैड बनाने में स्नेह और उनके साथ काम करने वाली गांव की ही छह अन्य लड़कियों की मुश्किलों और इस साहसी यात्र पर केंद्रित है। फिल्म में एक महिला से इस बारे में पूछा जाता है तो वह कहती हैं-‘मैं जानती हूं पर बताने में शर्म आती है।’ स्कूल की एक लड़की कहती है-‘स्कूली की जो घंटी बजती है, उसे पीरियड कहते हैं।’ फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली किसान राजेंद्र की बेटी स्नेह ने ग्रेजुएशन किया ही था कि एक्शन इंडिया ने उनके गांव में सेनेटरी पैड बनाने की मशीन लगाई। शुरू में कोचिंग की फीस कमाने के इरादे से वह इससे जुड़ीं। मां ने तो इजाजत दे दी लेकिन पिता को बताया गया कि बच्चों का डायपर बनाने का काम है।



एक दिन हापुड़ में संस्था की कोर्डिनेटर शबाना के साथ कुछ अंग्रेज आए। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म पर फिल्म बना रहे हैं। मैंने साहस जुटाया और काम करने की हामी भर दी। स्नेह का सपना दिल्ली या यूपी पुलिस में भर्ती होना है। उन्होंने इसकी परीक्षा भी दी है। उनके साथ सबला समिति की संचालिका सुमन भी जाएंगी। संस्था में स्नेह के साथ काम करने वाली राखी बताती हैं कि इससे पहले हमारे गांव से कोई अमेरिका नहीं गया। हम सभी बेहद खुश हैं।


सुमन ने बताया कि 2017 में एक्शन इंडिया की निदेशक गौरी चौधरी ने गांव में सेनेटरी पैड बनाने की मशीन लगाने की व्यवस्था की। आज गांव की सात लड़कियां मिलकर रोज 600 सेनेटरी पैड तैयार करती हैं। उन्हें ढाई-ढाई हजार रुपये वेतन मिलता है। गौरी ने बताया कि अमेरिकी फिल्म निर्देशक राइका और गुनीत मोगा महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्यूमेंट्री के विषय में उनसे मिले।