जग जननी दरबार की 25 वी वर्षगांठ रजत जयन्ती पर्व का किया भव्य आयोजन

REPORT BY : निकिता कश्यप 



लोनी:13 फरवरी को जग जननी दरबार धर्मार्थ समिती न्यू रामप्रस्थ बिहार बेटा हाजीपुर की रजत जयंती 25 वीं वर्षगांठ को पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एक धर्म सभा का भी आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी राघवानंद सरस्वती ने की। मंच का संचालन एडवोकेट प्रदीप शर्मा ने किया। जनसभा को संबोधित करते हुए जल वाले गुरूजी ने कहा कि परमात्मा की कृपा जी पर सदा रहती है और मां भगवती जगदंबा अंबा बुद्धि एवं भक्ति के रूप में स्थित होकर केवल प्राणी मात्र की ही नहीं अपितु समस्त ब्रह्मांड की रक्षा कर उसका पालन पोषण करती है। इस परिपेक्ष में जल वाले गुरूजी ने जोर देकर कहा कि आज के समय में लोगों के लिए मां भगवती का दरबार और यहां आने वाले श्रद्धालु भक्तों को मां भगवती की कृपा से असाध्य रोगों से मुक्ति एवं समाज में व्याप्त व्यसनों से छुटकारा एवं जीवन के अनेक क्षेत्रों में अपराजिता फल की प्राप्ति इसका स्पष्ट प्रमाण है। इसलिए मनुष्य को चाहिए कि वह हर परिस्थिति में भगवान भगवती तथा परमात्मा के जिस रूप में भी उसकी आस्था है, उसका रोजाना मनन करें ध्यान करें। यथासंभव पूजा भजन आदि एक निष्ठा भाव से करता रहे। मनुष्य को चाहिए कि वह परिस्थितियों के अनुसार अपनी दिनचर्या भले ही बदल ले परंतु उसे अपनी धार्मिक आस्था और सत्कर्म एवं धार्मिक कार्य की विधि में अनावश्यक परिवर्तन नहीं करना चाहिए। उसे एक निष्ठा आपसे श्रद्धा एवं विश्वास के साथ अपने कर्म को करते रहना चाहिए। अपने बच्चों को विषयानुकूल शिक्षा के साथ साथ सनातन संस्कारों की शिक्षा भी देनी चाहिए।


जल वाले गुरूजी ने स्वच्छता पर जोर देते हुए रामचरितमानस के दोहे“निर्मल मन जन सो मोहि पावा, मोहि कपट छल छिद्र न भावा” का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हम अपने बाहरी शरीर के स्वच्छता का ध्यान रखते हैं, वैसे ही हमें अपने मन और आत्मा की स्वच्छता का भी ध्यान रखना चाहिए। हमें अपने आसपास की बहुत ही स्वच्छता का भी ध्यान रखना चाहिए। नारी सशक्तिकरण के लिए जोर देते हुए जल वाले गुरूजी ने कहा कि एक नारी को शिक्षित और संस्कारित करना एक पूरी पीढ़ी को शिक्षित व संस्कार करने के बराबर है। धर्म सभा में अनेक संत भी उपस्थित थे। संत समाज के अलावा लोनी नगर पालिका पूर्व चेयरमैन  मनोज धामा, मंत्री जनरल बी.के. सिंह की सुपुत्री, यमुना विहार के पूर्व पार्षद टी.सी. शर्मा व करावल नगर ईस्ट वार्ड के निगम पार्षद पुनीत शर्मा, पूर्वी दिल्ली नगर निगम के पूर्व मेयर सत्या शर्मा के साथ अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस मौके पर जल वाले गुरूजी ने समस्त अतिथियों का प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया।