झंडे फहरा भाजपा साध रही जातीय संतुलन

लखनऊ : भाजपा ने ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ अभियान पिछले हफ्ते शुरू किया और अब चौथे चरण में गांव, गली और बूथों तक चल रहा है। इस अभियान के जरिये भाजपा चौतरफा समीकरण साध रही है। दलित और पिछड़ों के घर झंडा फहराकर पार्टी जातीय संतुलन भी साध रही है। कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने और उनसे करीबी दर्शाने के लिए शुरू किये गए इस अभियान से पार्टी चुनावी माहौल भी बना रही है।



इस अभियान का चौथा चरण 18 फरवरी से शुरू है और यह 22 फरवरी तक चलेगा। बूथ अध्यक्षों के नेतृत्व में भाजपा की टोलियों का भ्रमण हो रहा है। गांव, गली, मुहल्लों, टोलों, मजरों, चौबारों तथा बूथ समिति सदस्यों और पार्टी सदस्यों के घर-घर जाकर झंडा फहरा रहे हैं। करीब 50 लाख घरों पर भाजपा का झंडा फहराने का लक्ष्य है। उल्लेखनीय है कि अभियान का श्रीगणोश भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 12 फरवरी को गुजरात में अपने आवास पर पार्टी का झंडा फहराकर किया और फिर उत्तर प्रदेश में उसका सिलसिला शुरू हो गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री और अभियान समन्वयक गोविंद नारायण शुक्ल बताते हैं,



‘इस अभियान में भाजपा का नारा सबका साथ-सबका विकास भी परिलक्षित हुआ और सभी को महत्व दिया गया। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की भी कार्यकर्ताओं संग चाय पर चर्चा हुई।’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डालीगंज में एक दलित कार्यकर्ता के घर जाकर झंडा फहराया जबकि राज्य सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता के घर जाकर झंडा फहराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने-अपने आवास पर झंडा फहराकर कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। पहले चरण में दो दिन चले अभियान में राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्र व जिले के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, पंचायत और निकायों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने आवास पर झंडा फहराया। दूसरे चरण में 14 और 15 फरवरी को मंडल कार्यसमिति के पदाधिकारी, सदस्य, सेक्टर प्रभारी और सेक्टर संयोजकों ने यह अभियान चलाया। 16 और 17 फरवरी को सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों के पदाधिकारी और सदस्यों ने झंडा फहराया।