झूठे फोन कराने वालों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई : मनोज तिवारी

reported by :- दिनेश सोलंकी


नई दिल्ली : जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से कटे हैं उन्हें फोन कर इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने वालों पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। मनोज तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं व सांसदों की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से इसकी जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा को बदनाम करने के लिए मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल इस तरह के झूठे फोन करवा रहे हैं। चुनाव आयोग जैसी अहम संवैधानिक संस्था को भी आम आदमी पार्टी द्वारा बदनाम किया जा रहा है। इसलिए लोगों को फोन कर गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।



भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री व उनकी पार्टी यह भ्रम फैला रही है दिल्ली में 30 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं जिनमें ज्यादातर वैश्य व पूर्वांचल के लोग हैं। लोगों को यह फोन किया जा रहा है कि भाजपा ने उनके वोट कटवा दिए हैं। अब मुख्यमंत्री केजरीवाल उसे जुड़वा रहे हैं। इसे लेकर चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में किसी का नाम जोड़ने या हटाने का अधिकार सिर्फ उसके पास है। कोई राजनीतिक पार्टी ऐसा नहीं कर सकती है। आयोग ने छह फरवरी को सभी पार्टियों को पत्र लिखकर मतदाता सूची की विस्तृत जानकारी दी है। उसके अनुसार, दिल्ली में वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में एक करोड़ 27 लाख 6,366 मतदाता थे। वहीं, इस वर्ष 18 जनवरी को इनकी संख्या बढ़कर एक करोड़ 36 लाख 95,291 हो गई है। यानी नौ लाख 88,925 मतदाता बढ़े हैं। इस तरह से केजरीवाल द्वारा भाजपा के खिलाफ फैलाये जा रहे झूठ का पर्दाफाश हो गया है। आयोग द्वारा पुलिस से शिकायत करने के बावजूद लोगों को झूठे फोन किए जा रहे हैं, इसलिए पुलिस को सख्त कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ हुई पार्टियों की बैठक में आप के प्रतिनिधि ने कभी भी मतदाताओं के नाम कटने का मुद्दा नहीं उठाया।



सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल जिन 30 लाख लोगों के नाम कटने की बात करते हैं उनकी सूची भी उन्हें जारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी राशन की दुकानों पर भी आप के कार्यकर्ता राशन लेने वालों से उनका विवरण इकट्ठा करते हैं और बाद में उन्हें फोन करते हैं। सांसद प्रवेश वर्मा ने इमामों के वेतन बढ़ाने को गलत करार दिया। सांसद महेश गिरी, सांसद डॉ. उदित राज, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, दिल्ली भाजपा चुनाव आयोग विभाग के संयोजक सुभाष सचदेवा आदि उपस्थित रहे।