मोदी ने गंगा के लिए दान दी सियोल पीस प्राइज की राशि

दर्द ए दिल्ली संवाददाता ,नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सियोल पीस प्राइज के साथ मिली दो लाख डालर (1.4 करोड़ रुपये) की राशि नमामि गंगे फंड में दान देने की घोषणा की है। इसका इस्तेमाल गंगा को निर्मल बनाने के लिए किया जाता है। प्रधानमंत्री ने रविवार को कुंभ में डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज रवाना होने से पूर्व यह राशि फंड को दी।



प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को सियोल में यह सम्मान प्राप्त किया था। उन्होंने इस अवार्ड को प्राप्त करते समय अपने भाषण में भी कहा था कि गंगा नदी न सिर्फ करोड़ों लोगों की आर्थिक गतिविधियों की जीवनरेखा है, बल्कि आस्था की दृष्टि से भी इसका अहम स्थान है। उन्होंने गंगा नदी को निर्मल बनाने के लिए उनकी सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी थी।


उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार ने गंगा को निर्मल बनाने के लिए न सिर्फ अलग मंत्रलय बनाया है, बल्कि नमामि गंगे के रूप में महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत भी की है। इसके तहत उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड सहित अलग-अलग राज्यों में गंगा को निर्मल बनाने के लिए कई परियोजनाएं शुरू हुई हैं।