मोदी-शाह की विदाई कांग्रेस के वश में नहीं: केजरीवाल

REPORTED by :- संदीप कुमार 


बाहरी दिल्ली : केंद्र सरकार के खिलाफ बंगाल में मोर्चा खोले बैठीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि मोदी और शाह की जोड़ी कुछ भी कर ले, मगर न तो मैं झुका हूं और न ही ममता बनर्जी झुकेंगी। ममता ने जिस तरह से केंद्र के अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद की है, उससे देश के अन्य मुख्यमंत्री और नेता उनके साथ खड़े हैं। हम देश से मोदी और अमित शाह की जोड़ी को विदा करके ही दम लेंगे।



बादली विधानसभा क्षेत्र की अनधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को हिटलर करार देते हुए इन पर देश का संविधान बदलने की साजिश का आरोप लगाया। साथ ही भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस को एक कमजोर पार्टी बताते हुए लोगों का आह्वान किया कि संविधान को बचाना है तो भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस को वोट तो बिल्कुल भी न दें। अब वह केवल वोट काटने वाली पार्टी ही बनकर रह गई है। कांग्रेस को वोट देने का मतलब है, भाजपा को मजबूत करना। केजरीवाल बोले जिस तरह से जर्मनी में हिटलर ने संविधान खत्म कर चुनावी व्यवस्था ही खत्म कर दी थी, ठीक उसी तरह का कार्य मोदी व अमित शाह की जोड़ी कर रही है। संविधान को बचाने के लिए इस जोड़ी को रोकना जरूरी है, जिसे दिल्ली में आम आदमी पार्टी, बंगाल में ममता बनर्जी, तमिलनाडु में डीएमके, उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन ही भाजपा को हरा सकती है। दिल्ली सरकार की पिछले चार साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह लोग लड़-लड़कर दिल्ली के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं। मोदी सरकार लगातार अड़ंगे डाल रही है, मगर हम फिर भी काम रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है, हम विकास के कार्य कर भी रहे हैं।



कमी है तो केंद्र सरकार की साफ नीयत की और दिल्ली के सातों भाजपा सांसदों की। दिल्ली के सातों भाजपा सांसद केवल दिल्ली वालों को ठगते रहे हैं। इसलिए इन सभी का घर बैठाना जरूरी है, यदि इसकी जगह सातों सांसद आम आदमी पार्टी के होंगे तो दिल्ली में विकास की रफ्तार और भी तेज होगी। इस दौरान आम आदमी पार्टी के उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी गुग्गन सिंह, क्षेत्रीय विधायक अजेश यादव आदि प्रमुख लोग मौजूद थे।