पुलिस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर हमला...

reported by : निकिता कश्यप


आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नरेला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल की गाड़ी पर हमला किया है। इससे साफ होता है कि दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री को सुरक्षा देने में नाकाम है। यह भी साबित हो गया है कि भाजपा अनधिकृत कॉलोनियों में होने वाले विकास के खिलाफ है। भाजपा नहीं चाहती की कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के जीवन में सुधार हो।



सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नरेला में मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल की गाड़ी पर भाजपा के लोगों ने उस समय हमला किया, जब वह नरेला की 25 कॉलोनियों में होने वाले निर्माण कार्यो का उद्घाटन करने जा रहे थे। पुलिस की मौजूदगी में भाजपा के लोगों ने मुख्यमंत्री की गाड़ी को रोका और डंडों से गाड़ी पर हमला किया। करीब आधे घंटे तक मुख्यमंत्री की गाड़ी को रोके रखा और पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही।



भारद्वाज ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई है। इससे पहले भी कई बार मुख्यमंत्री पर हमले हो चुके हैं, चाहे वो सचिवालय के अंदर हुआ मिर्ची हमला हो या फिर मुख्यमंत्री के घर पर एक व्यक्ति की जेब से कारतूस मिलने का मामला। अक्सर देखा गया है कि मुख्यमंत्री पर हुए हमलों में शामिल लोगों के तार कहीं न कहीं भाजपा के साथ जुड़े नजर आए हैं। यह सब देखकर लगता है कि ये घटनाएं सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी जा रही हैं। आखिर दिल्ली पुलिस बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद अपना काम ठीक से क्यों नहीं कर रही। किसके इशारे पर पुलिस बार-बार मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक करती है।