शिक्षा में सुधार को 4041 स्कूलों में हुआ सर्वे

REPORTED BY : संदीप कुमार 


पश्चिमी दिल्ली : दिल्ली में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए स्कूलों का सर्वे किया गया है। दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से स्कूल डेवलपमेंट इंडेक्स बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। अब तक दिल्ली के चार हजार 41 स्कूलों में सर्वे का काम किया गया है। इनमें सरकारी, निजी व सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।



जनकपुरी स्थित दिल्ली हाट में आयोजित समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस इंडेक्स को क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि इससे वर्तमान शिक्षा प्रणाली को विश्वसनीय और जवाबदेह बनाने में काफी मदद मिलेगी। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग व क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। मनीष सिसोदिया ने कहा कि इंडेक्स से जुड़े कार्यो के दौरान सरकारी व निजी विद्यालयों का सकारात्मक रुख रहा। उन्होंने कहा कि देश के अन्य राज्यों की बात तो छोड़ दें, दुनिया के बहुत ही कम देश हैं जो शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए इस तरह की कवायद कर रहे हैं।


यह अपने आप में महत्वपूर्ण तथ्य है कि बच्चे जो देश के भविष्य हैं और उनसे जुड़ी एक ऐसी जगह जहां वे रोजाना छह से आठ घंटे अपना समय व्यतीत करते हैं, वहां की स्थिति के बारे में तय मापदंडों पर आकलन किया गया है। इससे शिक्षा के हर क्षेत्र में सुधार होगा और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ने के साथ-साथ छात्रों को उज्जवल भविष्य मिलेगा।