शून्य के समक्ष गिड़गिड़ा रहे 66 सीट वाले : तिवारी

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल पर दिल्लीवासियों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में किए वादे मुख्यमंत्री ने पूरे नहीं किए, जिससे लोगों में आक्रोश है। अब अपनी सियासी जमीन बचाने के लिए के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोशिश कर रहे हैं। यह भी दिल्लीवासियों के साथ धोखा है, क्योंकि कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन से आम आदमी पार्टी का गठन हुआ था। वह कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी बताते हुए इसे उखाड़ फेंकने की बात करते थे, अब उसके साथ मिलकर चुनाव लड़ने को व्याकुल हैं। इससे पता चलता है कि केजरीवाल राजनीतिक फायदे के लिए कुछ भी कर सकते हैं।



उन्होंने कहा कि यदि वह चार वर्षों के कार्यकाल में दिल्ली की जनता से किए हुए वादे को पूरा करने पर ध्यान देते तो आज उनकी यह स्थिति नहीं होती। यह कितनी शर्मनाक बात है कि 66 सीटों वाली पार्टी शून्य सीट वाली पार्टी के सामने गिड़गिड़ा रही है। केजरीवाल देश की राजनीति को बदलने आए थे, लेकिन वो स्वार्थ में आकर कांग्रेस से नतमस्तक हो गए हैं। यह सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पर्यावरण सभी मोर्चो पर पूरी तरह से विफल साबित हुई है। लोगों के बीच इसकी छवि कांग्रेस से भी ज्यादा खराब हो गई है और दिल्लीवासी लोकसभा चुनाव में जवाब देंगे।