तीन नहीं, चार हजार बसें खरीदेगी दिल्ली सरकार..

reported by :- प्रिंस सोलंकी 


नई दिल्ली: दिल्ली में इस साल के अंत से पहले चार हजार बसें सड़कों पर उतार दी जाएंगी। दिल्ली सरकार ने पहले की तीन हजार बसें खरीदने की योजना में और एक हजार बसों को जोड़ दिया है। व इन बसों को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) स्वयं खरीदेगा। इसके लिए दो चरणों में निविदा निकाली जाएंगी।



पहले चरण में बसें खरीदने के लिए, वहीं दूसरे चरण में उनके रखरखाव के लिए निविदा निकाली जाएंगी। रखरखाव का काम कोई भी कंपनी ले सकेगी। डीटीसी बोर्ड की गत शुक्रवार को हुई बैठक में इस मामले में फैसला लिया गया। बोर्ड में 500 स्टैंडर्ड साइज की बसें खरीदने के लिए निविदा लाई गई थी, जिसे बोर्ड ने निरस्त कर दिया। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत की अध्यक्षता के हुई बोर्ड की बैठक में एक हजार लो फ्लोर बसें खरीदने का आदेश दिया गया। उसके तहत 80 फीसद एसी, जबकि 20 फीसद बसें नॉन एसी होंगी।



 


बता दें कि दिल्ली सरकार पिछले कई माह से तीन हजार बसें लाने की योजना बना रही थी। ये सभी बसें कलस्टर सेवा के तहत आनी हैं। यानी, इनकी खरीदारी दिल्ली सरकार स्वयं नहीं करेगी। इसमें एक हजार स्टैंडर्ड साइज की बसें हैं, जो हाइड्रोलिक लिफ्ट के साथ आनी हैं। माना जा रहा है कि बसें जून-जुलाई तक आनी शुरू हो जाएंगी। इसी तरह कलस्टर सेवा के तहत ही एक हजार लो फ्लोर एसी बसें आनी हैं। इनके लिए भी निविदा प्रक्रिया अगले तीन माह में पूरी कर ली जाएगी। कलस्टर सेवा के तहत ही एक हजार इलेक्ट्रिक बसें भी आनी हैं। अगस्त सितंबर तक बसें आनी शुरू होंगी।