टिकट के लिए सभी नेता ठोक रहे ताल..

नई दिल्ली : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा कि केवल कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो देश को आगे बढ़ाने और जन हितकारी कार्यो से जनता के जीवन को खुशहाल बनाने में सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। उनके प्रयास से ही जनता में पार्टी की छवि बनती है।



शीला ने मंगलवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय राजीव भवन में दो बैठकों को संबोधित किया। चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान के नेतृत्व में जिले के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी की जिम्मेवारी बनती है कि अपनी लगन और मेहनत से दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों को विजयी बनाएं। चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान ने दिल्ली के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी शौकत हाशमी साहब के निधन पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।


प्रदेश कांग्रेस के ओबीसी प्रकोष्ठ की बैठक लेते हुए शीला दीक्षित ने कहा कि देश और विशेष रूप से दिल्ली की जनता भाजपा के शासनकाल में दुखी और परेशान है। समस्त दिल्लीवासी आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार से भी छुटकारा पाना चाहते हैं। हमारा फर्ज बनता है कि हम अपनी दिल्ली को एक बार फिर संभाले और संवारे। इस बैठक का आयोजन प्रकोष्ठ प्रभारी प्रदीप तंवर की अध्यक्षता में किया गया था।


इन दोनों बैठकों में पार्टी के दिल्ली प्रभारी पी.सी.चाको, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हारून यूसुफ, मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी, पूर्व विधायक प्रह्लाद सिंह शाहनी, राजेश जैन, राष्ट्रीय संयोजक ओ.बी.सी. रोहतास बसोया, र¨वदर परेवा और रोहित मनचंदा भी मौजूद रहे।