उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में संपन्न ...

Reported by :- संदीप कुमार 


 नई दिल्ली : दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय का 2018 का उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार को त्यागराज स्टेडियम में संपन्न हुआ। इसमें दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ स्कूल, जिलों एवं जोनों के सर्वश्रेष्ठ स्कूल को सम्मानित किया गया। साथ ही 10वीं एवं 12वीं के उन मेधावी छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया, जिन्होंने वर्ष 2018 में दोनों कक्षाओं में 90 से 95 फीसद अंक हासिल किए हैं। 34 उन सरकारी स्कूलों के दिव्यांग बच्चों को पुरस्कृत किया गया जिन्होंने 10वीं एवं 12वीं कक्षा में अपने स्कूलों में टॉप किया है। साथ ही 147 मेधावी छात्रों को भी पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा कुल सात जिलों एवं 18 जोनों के सर्वश्रेष्ठ स्कूलों को पुरस्कार किया गया। साथ ही पश्चिम विहार के राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय को भी पुरस्कार मिला। पुरस्कार से सम्मानित सभी छात्रों एवं स्कूलों के प्रतिनिधियों को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली के मुख्य सचिव विजय कुमार देव ने पुरस्कार वितरित किए।



रमेश नगर सवरेदय कन्या विद्यालय को मुख्यमंत्री ट्रॉफी: दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ स्कूल की उपाधि पश्चिमी जिले के रमेश नगर स्थित सवरेदय कन्या विद्यालय को मिली। इस स्कूल को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से नवाजा गया। इस स्कूल का सीबीएसई का 100 फीसद परिणाम रहा। स्कूल की प्रधानाचार्य रितू साहनी ने कहा कि उनके स्कूल के 12वीं के छात्रों ने 90 फीसद से ज्यादा अंक 2018 में हासिल किए थे।


दिल्ली सरकार के स्कूलों का 12वीं का रिजल्ट 90.64 फीसद रहा: दिल्ली सरकार के सरकारी स्कूलों में साल दर साल छात्र नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। बुधवार को समारोह में बुकलेट जारी की गई। इसमें सरकारी स्कूलों के 12वीं के पिछले 10वर्षों के पास फीसद के परिणाम दिए गए। पिछले दस सालों में लगातार 12वीं का पास फीसद बढ़ा है। साल 2018 में दिल्ली के सरकारी स्कूलों का पास फीसद 90.64 फीसद रहा। यह पिछले दस वर्षों में सर्वाधिक रहा है।


इसके अलावा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं के नतीजों में दिल्ली सरकार के 638 स्कूलों यानी 72.17 फीसद स्कूलों के 90 फीसद तक एवं इससे अधिक पास फीसद रहे। इसके अलावा 768 स्कूलों यानी 86.17 फीसद स्कूलों के 80 फीसद पास फीसद रहे।