आप सांसद खालसा भाजपा में शामिल, बोले- मोदी का फैन हूं

reported by :- निकिता कश्यप 



आम आदमी पार्टी के टिकट पर फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट से सांसद बने हरिंदर सिंह खालसा ने गुरुवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया। खालसा ने कहा है कि भाजपा ही देश का विकास और मार्गदर्शन कर सकती है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैन हैं। खालसा पहले अकाली दल में भी रहे हैं।खालसा ने भाजपा ज्वाइन करने के बाद कहा कि पिछले चार साल से उनका विचार भाजपा में जाने का था। मगर, पूर्णरूप से मैंने अब भाजपा ज्वाइन की है। आप में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं थी। पारदर्शिता के बजाय तानाशाही ज्यादा थी।



खालसा ने 2014 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के साधू सिंह धर्मसोत को 52 हजार से अधिक वोटों से हराया था। इससे पहले वह 1996 में बठिंडा हलके से भी अकाली दल के सांसद रह चुके हैं। वह दो माह से भाजपा की तारीफ कर रहे थे। केंद्रीय राज्य मंत्री हरदीप पुरी के संपर्क में आने के बाद संसदीय क्षेत्र के समारोह में हिस्सा लेने के दौरान उनका भाजपा के प्रति प्रेम साफ झलकता था। सवाल पूछने पर यही कहते थे कि शीघ्र नई खबर देंगे।सांसद खालसा के भाजपा में आने के बाद उनके अमृतसर से चुनाव में उतरने की चर्चा देर शाम तक चलती रही, लेकिन उनके पीए रिक्की वालिया ने कहा कि खालसा इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। सियासत में जरूर सक्रिय रहेंगे। बता दें कि लोकसभा क्षेत्र फतेहगढ़ साहिब अकाली के खाते में है।



भगवंत मान के खिलाफ दी थी शिकायत: आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान के खिलाफ खालसा ने लोकसभा के स्पीकर को शिकायत दी थी। कहा था कि उन्हें मान के साथ बैठने पर शराब की बदबू आती है, इसलिए उनकी सीट को बदला जाए। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को नौटंकीबाज तक कह दिया था।ऑपरेशन ब्लू स्टार के विरोध में पद छोड़ने वाले एकमात्र आइएएस अफसर : राजनीति में आने से पहले खालसा भारत के विदेश सचिव भी रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने जकार्ता, बैंकाक व नार्वे में सेवाएं भी दी। 1984 में ऑपरेशन ब्लू स्टार के विरोध में उन्होंने राजदूत के पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसा करने वाले वह एकमात्र आइएएस अधिकारी थे। तब वे नार्वे में तैनात थे।