अबकी बार फिर मोदी सरकार : राजनाथ सिंह

REPORTED BY :- प्रिंस सोलंकी 


पूर्वी दिल्ली:


भाजपा ने मंगलवार को यमुना विहार में विजय संकल्प सभा का आयोजन किया। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही आप और कांग्रेस पर निशाना साधा। इससे पूर्व गृहमंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी और प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन ने भाजपा के उत्तर-पूर्वी जिले के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। सभा का संचालन जिलाध्यक्ष अजय महावर व कैलाश ने किया।



इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि चौकीदार चोर नहीं ‘प्योर’ है और उनका पीएम बनना ‘श्योर’ है। देश की समस्याओं का वही क्योर (इलाज) है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति आदमी नहीं संस्थाएं हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष चौकीदार (प्रधानमंत्री) को चोर कह रहे हैं, क्योंकि देश का प्रधानमंत्री खुद को चौकीदार कहता है। कांग्रेस ने जिन लोगों को बैंक लोन दिया, वह पैसे लेकर विदेश भाग गए। वही चौकीदार उन लोगों को वापस लाएगा।



मनोज तिवारी ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है, प्रधानमंत्री मोदी ने जितना विकास किया है, उतना कभी नहीं हुआ। जनता फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएगी। तिवारी ने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वह क्षेत्र में मेट्रो लाए, केंद्रीय विद्यालय की नींव रखी और 13 करोड़ की लागत से पूरे संसदीय क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाए।



वीर कभी लाशें नहीं गिनता: 


राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में मुंबई स्थित होटल ताज पर आतंकी हमला हुआ, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। पुलवामा में फिदायीन हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए, लेकिन इस बार देश की सेना ने पकिस्तान में घुसकर बदला लिया। अब कांग्रेस वाले पूछ रहे हैं, बताइए मोदी जी सेना के जवान ने पाकिस्तान जाकर कितने लोगों को मारा। वह भूल गए हैं कि एक वीर कभी लाशें नहीं गिनता।


सफेद झंडा लहराती थी भारतीय सेना: 


गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पाकिस्तान की ओर से जब गोलीबारी की जाती थी तो भारतीय सेना पहले सफेद झंडा लहराती थी। जब वह गृहमंत्री बने तो एक बार पकिस्तान ने भारत पर गोलीबारी की। टीवी के माध्यम से पांच जवानों के शहीद होने की जानकारी मिली। उन्होंने सेना के अधिकारी से कार्रवाई के बारे में पूछा। अधिकारी ने कहा सफेद झंडा लहराया गया है। गृहमंत्री ने पूछा, झंडा क्यों लहराया गया। अधिकारी ने कहा यह परंपरा है। उन्होंने अधिकारी को आदेश दिए कि पाक जब एक गोली चलाए तो भारत की ओर से इतनी गोलियां चलाएं, जिसे वह गिन भी न पाए। 



अमन चाहता है कश्मीर: 


राजनाथ ने कहा कि कश्मीर अमन चाहता है, कश्मीरी देश में जहां भी रहते हैं, उनसे सम्मान दें। भाजपा को कांग्रेस सांप्रदायिक पार्टी बताती है, जबकि सबसे बड़ी सांप्रदायिक पार्टी खुद कांग्रेस है जिसने देश के लोगों को हिदू-मुस्लिम में बांटा। मुस्लिम मुल्क में भी मुसलमानों के 72 फिरके नहीं हैं, जबकि भारत में हैं।


आप-कांग्रेस गठबंधन सबसे बड़ी मिलावट: 


आप दिल्ली की सत्ता में लोकपाल के मुद्दे पर आई है, विधानसभा में ऐसा लोकपाल पास किया, जिसका कोई औचित्य नहीं। आप ने कहा था पार्टी का आंतरिक लोकपाल भी होगा, भ्रष्टाचारियों को सजा दी जाएगी। साढ़े चार साल में कितने भ्रष्टाचारियों को सजा दी, यह जनता अच्छे से जानती है। सारी पार्टियां मिलकर एक चौकीदार को हटाने में लगी हुई है। दिल्ली में आप और कांग्रेस का गठबंधन होता है तो वह महा मिलावट होगी।



दिल्ली सरकार खादर में बनवाना चाहती है लैंडफिल: 


मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना खादर इलाके में लैंडफिल साइट बनाना चाहती है, लेकिन वह यमुना को दूषित नहीं होने देंगे। उन्होंने राजनाथ सिंह से इस काम में साथ देने का अनुरोध किया। ताकि यमुना को अविरल बनाया जा सके। साथ ही कहा आप का हारना तय है।


सरकार ने खर्च नहीं किया निर्भया फंड : 


राजनाथ सिंह ने कहा कि निर्भया कांड के बाद आप ने महिला सुरक्षा का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था। सत्ता में आने के बाद निर्भया फंड का एक रुपया खर्च नहीं किया। चुनाव से पहले डीटीसी बसों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने और पूरी दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगाने का वादा किया था, लेकिन एक भी कैमरा नहीं लगा।


मुफ्त पानी का वादा झूठा: 


गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने जनता से वादा किया था कि वह मुक्त पानी देगी, लेकिन सरकार का यह वादा झूठा था। उपभोक्ता पानी का बिल दे रहे हैं।