दिल्ली पुलिस को मिले तीन हजार जवान....

reported by :- संदीप कुमार 


नई दिल्ली : नौ महीने के कड़े प्रशिक्षण के बाद गुरुवार से तीन हजार और पुलिसकर्मी दिल्ली की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालने में लग गए हैं। करीब साल भर पहले उनकी भर्ती दिल्ली पुलिस में हुई थी। इस बैच की खासियत यह है कि ये पुलिसकर्मी काफी पढ़े-लिखे हैं। उन्हें कानून की पढ़ाई के अलावा कंप्यूटर, साइबर अपराध, यातायात नियम, अपराध अन्वेषण, मानव अधिकारों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।



इन पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए दिल्ली के बाहर से भी विशेषज्ञ बुलाए गए। उन्होंने लैंगिक समानता, योग व तनाव प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षण दिया। आतंकियों से निपटने के लिए इन्हें विस्फोटक उपकरणों, हथियारों एवं बिना हथियार लड़ाई का भी प्रशिक्षण दिया गया। एक महीने की कमांडो ट्रेनिंग भी दी गई। दिल्ली पुलिस के टेनिंग कॉलेज में उन्हें प्रशिक्षित किया गया। इसके बाद झाड़ौदा कला में दीक्षा परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपराज्यपाल अनिल बैजल व पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक समेत अन्य आला अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने शपथ ली। मुख्य अतिथि के रूप में उपराज्यपाल ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने भारत माता के जयकारे लगाए।



इनके शामिल होने से दिल्ली पुलिस में अब कर्मियों की संख्या 81 हजार 220 हो गई है। हालांकि अभी भी यह संख्या मानक से ग्यारह हजार कम है।


विभिन्न राज्यों के हैं रहने वाले: 62 सब इंस्पेक्टर हरियाणा, 39 दिल्ली, 28 राजस्थान, 23 उत्तर प्रदेश, 6 बिहार, 4 उत्तराखंड, 4 मणिपुर, 2 मध्य प्रदेश, 2 पश्चिम बंगाल, 2 महाराष्ट्र, एक झारखंड, एक गुजरात, एक चंडीगढ़, एक दादर नगर हवेली से हैं। हवलदारों में 15 हरियाणा, 10 दिल्ली, 9 उत्तर प्रदेश, 2 बिहार और एक चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। सिपाहियों में 928 उत्तर प्रदेश, 822 राजस्थान, 633 हरियाणा, 317 दिल्ली, 36 असम, 22 बिहार, 16 उत्तराखंड, 12 मध्य प्रदेश, 5 चंडीगढ़, 5 पंजाब, 2 हिमाचल प्रदेश, एक-एक ओडिशा, पश्चिम बंगाल, केरल व अरुणाचल प्रदेश के हैं। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आरए संजीव की इस भर्ती प्रक्रिया में अहम भूमिका रही। इन सभी को हर चुनौतियों का भलीभांति सामना करने के लिए पूरी तरह से प्रशिक्षित किया गया है।



77 महिला सब इंस्पेक्टर हुईं शामिल: जो तीन हजार पुलिसकर्मी गुरुवार से कार्य में लगे, उनमें 176 सब इंस्पेक्टर, 37 हवलदार व 2803 सिपाही शामिल हैं। इनमें 77 महिला सब इंस्पेक्टर व 973 महिला सिपाही शामिल हैं।