किसी भी कीमत पर नही बनने देंगे लैंडफिल : रेखा रानी

REPORTED BY : प्रिंस सोलंकी 


पूर्वी दिल्ली


घोंडा गुजरान में प्रस्तावित कचरा निस्तारण प्लांट के विरोध में इलाके के लोग सड़क पर उतर आए। कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने भजनपुरा पांचवे पुस्ते पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी भी सूरत में यहां कचरा नहीं डालने दिया जाएगा। पहले यहां लैंडफिल साइट बनाए जाने का प्रस्ताव था। लोगों द्वारा विरोध किए जाने पर उस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।



अब दिल्ली विकास प्राधिकरण ने यहां की 42.5 एकड़ जमीन पूर्वी निगम को कचरा निस्तारण प्लांट के लिए दे दी है। डीडीए के इस फैसले के खिलाफ भजनपुरा गांवडी और आसपास के लोगों ने प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव व इलाके की पूर्व पार्षद रेखा रानी के नेतृत्व में पांचवा पुस्ता गामडी में प्रदर्शन किया। रेखा रानी ने कहा कि डीडीए पूर्वी निगम ने मिलकर जो योजना बनाई है, उससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यमुना नदी और जहरीली हो जाएगी। किसी भी कीमत पर इस जमीन को डंपिंग ग्राउंड नहीं बनने देंगे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ दिल्ली को हाईटेक सिटी बनाने के लिए एलिवेटेड रोड का शिलान्यास किया गया है।



मनोज तिवारी ने यमुना सुंदरीकरण इस जगह पर एक बड़ा पार्क बनाने का जनता से झूठा वादा किया था। अब यहां कचरे का अंबार लगाया जाएगा इससे लोग बीमारी से ग्रसित होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा बनाए सिग्नेचर ब्रिज के सुंदरीकरण पर भी यह बदनुमा दाग  होगा। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर प्रेमपाल सिंह, विजेंद्र प्रधान, मंगतराम, गोस्वामी गोपाल गोस्वामी, राजेश सोनी, भूले पाल, विपिन शर्मा, प्रदीप चौधरी, सविता मुन्ना, शालिनी, बबीता, बलबीर, देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। लोगों ने रेखा रानी के नेतृत्व में पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल और कांग्रेस नेता मुदित अग्रवाल से मुलाकात की उनसे इस लड़ाई को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है।