मोदी ने दिल्ली भाजपा को दिया जीत का एक और मंत्र...

reported by :- संदीप कुमार 


नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली भाजपा को जीत का मंत्र दिया। ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दिल्ली भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं व विशिष्ट नागरिकों के साथ महासंवाद किया। पंत मार्ग स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महामंत्री रामलाल, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल और दिल्ली भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने भी कार्यकर्ताओं के साथ मोदी के संवाद को ध्यानपूर्वक सुना-देखा। इस दौरान सह प्रभारी तरुण चुग, लोकसभा चुनाव सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्र, सांसद मीनाक्षी लेखी, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, सह प्रमुख संजय मयूख, राष्ट्रीय कार्यालय सचिव महेंद्र पांडेय, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, कार्यक्रम संयोजक हर्ष मल्होत्र, सह संयोजक धर्मवीर सिंह व नई दिल्ली जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा की भी मौजूदगी रही। कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर रहा।



प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट था कि हर माध्यम से बूथ को मजबूत किया जाए। साथ ही विपक्ष के नकारात्मक प्रचारों में न आया जाए। केंद्र सरकार की योजनाओं और लाभार्थियों को आम लोगों के बीच ले जाया जाए। खास बात कि पंत मार्ग पर प्रधानमंत्री को सुनने दिल्ली के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के साथ ही हरियाणा व उत्तर प्रदेश के शहरों से भी पार्टी के नेता-कार्यकर्ता पहुंचे थे। दिल्ली के सभी 14 जिलों के 280 मंडलों के बूथ स्तर पर 252 स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, रविन्द्र  गुप्ता, राजेश भाटिया, प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों के साथ जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष आदि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।



प्रधानमंत्री से सीधे संवाद के लिए सुबह से ही भाजपा के कार्यकर्ता-पदाधिकारी पंत मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय में पहुंचने लगे थे। बैठने के लिए कुर्सियां लगाने के साथ ही एलईडी स्क्रीन लगाए गए थे।