पटना साहिब के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा गुरुवार को कांग्रेस के दरवाजे तक जाकर फिर लौटे....

संवाददाता :- उत्तर कुमार 


पटना : भाजपा छोड़ कांग्रेस का रुख करने वाले पटना साहिब के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा गुरुवार को कांग्रेस के दरवाजे तक जाकर फिर लौट आए। वह अब छह अप्रैल को प्रथम नवरात्र के दिन कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि उस दिन कांग्रेस में शामिल होने की सलाह लालू यादव ने दी है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि महागठबंधन में सीटों को लेकर चल रहे विवाद को देखते हुए शत्रुघ्न को कांग्रेस की सदस्यता लेने से रोका गया है।



चुनाव का बिगुल बजने से पूर्व यह साफ हो गया था कि भाजपा पटना साहिब से इस बार शत्रुघ्न के स्थान पर किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी। इसलिए शत्रुघ्न पहले से ही अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए राजद-कांग्रेस के नजदीक हो गए थे। बाद में यह भी साफ हो गया कि वह कांग्रेस के सिंबल पर पटना साहिब से उम्मीदवार होंगे। लेकिन, उनके कांग्रेस में शामिल होने का योग अब तक नहीं बन पाया है। गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होने की पूरी तैयारी भी हो चुकी थी।



तय समय पर कांग्रेस दफ्तर की ओर उन्होंने रुख भी किया, लेकिन बगैर सदस्यता लिए फिर लौट गए। हालांकि पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हुई। राहुल के आवास पर वह अपने बेटे के साथ पहुंचे थे। बाहर निजी चैनलों से बात करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह छह अप्रैल को कांग्रेस की सदस्यता लेंगे और उनका पटना साहिब से चुनाव लड़ना तय है। पटना में उन्होंने बताया कि उनके मित्र और राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने उन्हें सलाह दी है कि वह नवरात्र के पहले दिन यानी छह अप्रैल को कांग्रेस में शामिल हों। ऐसे में वह अब प्रथम नवरात्र के शुभ दिन ही कांग्रेस की सदस्यता लेंगे।