चार सीटों पर भाजपा ने उतारे पुराने सूरमा...

REPORTED BY :- संदीप कुमार 


नई दिल्ली


लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने रविवार देर शाम दिल्ली की सात में से चार लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने इन चारों सीटों पर अपने पुराने सूरमा ही उतारे हैं। चांदनी चौक से एक बार फिर से डॉ. हर्षवर्धन, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी और पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा चुनावी समर में उतर रहे हैं। वहीं, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली सीट को लेकर पेच फंस गया है। इन सीटों पर मौजूदा सांसदों को उतारा जाए या नए चेहरों को मौका दिया जाए, इस पर भाजपा नेतृत्व मंथन कर रहा है।



करीब एक माह पहले प्रदेश इकाई ने संभावित प्रत्याशियों के नाम केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिए थे, लेकिन आम आदमी पार्टी (आप) व कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं के कारण पार्टी अपने प्रत्याशियों को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं ले पा रही थी। वहीं, नामांकन की आखिरी तारीख (23 अप्रैल) के नजदीक आने से प्रत्याशियों के साथ ही कार्यकर्ताओं की भी बेचैनी भी बढ़ रही थी। कई दावेदारों ने तो जरूरी कागजात तैयार करने के साथ ही अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को नामांकन जुलूस में शामिल होने का संदेश भी भेज दिया था। बताते हैं कि नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली सीट को लेकर प्रदेश के साथ ही केंद्रीय नेताओं के बीच आम सहमति नहीं बन सकी है। पार्टी ने सभी सांसदों के कामकाज व लोकप्रियता को लेकर सर्वे कराया था। इसमें इन तीनों क्षेत्रों की रिपोर्ट बहुत अच्छी नहीं आई थी। इसके बाद इन सीटों पर प्रत्याशियों को बदलने की चर्चा लंबे समय से चल रही है।


नई दिल्ली से मिल सकता है गौतम गंभीर को मौका : नई दिल्ली से पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, पूर्वी दिल्ली से विधायक ओपी शर्मा व प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल, उत्तर- पश्चिमी दिल्ली से पूर्व सांसद अनिता आर्या व अशोक प्रधान टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, कई नेता नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी, पूर्वी दिल्ली के महेश गिरी व उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद डॉ. उदित राज को फिर से टिकट देने की वकालत कर रहे हैं। इन नामों के अलावा भी पार्टी कोई चौंकाने वाला निर्णय ले सकती है। संभव है कि सोमवार सुबह तक स्थिति स्पष्ट हो जाए।