चुनाव से ठीक पहले अहमद पटेल के करीबी के घर छापा

रिपोर्ट - प्रिया शर्मा 


नई दिल्ली : गीता कॉलोनी के ताज एन्क्लेव में आयकर विभाग ने सोमवार देर शाम कांग्रेस नेता अहमद पटेल के करीबी एसएस मोईन कुरैशी के घर पर छापा मारा। कुरैशी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में कर्मचारी हैं।विभाग को सूचना मिली थी कि कुरैशी ने कांग्रेस नेताओं के 20 से 30 करोड़ रुपये छुपाए हुए हैं। इन पैसों का चुनाव में इस्तेमाल होना है। छापेमारी के बीच रात करीब दस बजे अहमद पटेल खुद कुरैशी के घर पर पहुंचे। हालांकि, उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। विभाग ने कुरैशी के घर से कई दस्तावेज बरामद किए हैं। खबर लिखे जाने तक अधिकारी घर पर जांच पड़ताल में लगे हुए थे। खबर कवर करने के लिए पहुंचे कई मीडियाकर्मियों को वहां के स्थानीय लोगों ने जमकर पीटा, इसमें एक महिला पत्रकार भी शामिल है। लोगों ने कैमरे तोड़ने की कोशिश की। घटना को धार्मिक रंग देने की भी कोशिश की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मीडियाकर्मियों को बचाया। इलाके में अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है।



बेहद गुप्त कार्रवाई :


शाम छह बजे के आसपास विभाग ने कुरैशी के घर पर छामा मारा। विभाग ने इस कार्रवाई को बेहद गुप्त रखा था। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी नहीं दी गई। सूत्रों ने बताया कि कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं। फिलहाल नकदी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस छापे से कांग्रेस में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि कुरैशी राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में कर्मचारी हैं।